पश्चिमी यूपी में बदला मौसम, गाजियाबाद-मथुरा में बूंदाबांदी: मेरठ में बादल छाए, अगले 3 घंटों में आंधी-बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में नौतपा का आज यानी गुरुवार को चौथा दिन है। शाम होते ही वेस्ट यूपी में मौसम बदल गया है। गाजियाबाद-मथुरा में बारिश शुरू हो रही। मेरठ में बादल छाए हुए हैं।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 घंटे में आगरा, अलीगढ़, बागपत, बुलंदशहर, एटा, फिरोजाबाद, गौतम बुद्ध नगर, हमीरपुर, हापुड़, हाथरस, झांसी, कासगंज और महोबा में तूफान और बिजली गिरने की संभावना है।
मौसम विभाग का कहना है कि 29 मई को प्रदेश में 100 किमी/घंटे की स्पीड से तूफान आ सकता है। 31 मई तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
भीषण गर्मी का दौर जारी
इधर, प्रदेशभर में भीषण गर्मी भी पड़ रही है। मौसम विभाग ने 11 जिलों में हीटवेव चलने की संभावना जताई है। गुरुवार की बात करें तो बांदा 47.8°C के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। प्रयागराज में एक शख्स तेज धूप से बचने के लिए स्कूटी पर कवर लगाकर निकला। अयोध्या में चलते ऑटो में आग लग गई। यात्रियों ने कूदकर अपनी जान बचाई।
मौसम का पूर्वानुमान
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- "आज से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। दक्षिण बिहार और आसपास के क्षेत्रों में ऊंचाई पर चक्रवाती हवाओं की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में प्रदेश में आंधी के साथ बारिश हो सकती है। इससे गर्मी से राहत मिल सकती है। तापमान में 6–8°C तक की गिरावट आ सकती है।"
विभिन्न जिलों में मौसम का हाल
मेरठ:आसमान में काले बादल छाए हुए हैं। करीब 20 किमी की स्पीड से तेज हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ घंटों में आंधी-बारिश की संभावना है।
नोएडा:शाम होते ही बादल छा गए हैं। हल्की बूंदाबांदी के साथ करीब 25 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चल रही है।
गाजियाबाद:शाम 7 बजे तेज हवाओं के साथ बारिश शुरु हो गई है। घने बादल छाए हैं। दिन का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मथुरा:शाम 6 बजे के बाद बादल छा गए हैं। हल्की बिजली चमकने से साथ ही बूंदाबांदी शुरू हो गई है।
भदोही:तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है।
गोरखपुर:सुबह से आसमान में हल्के बादल छाए रहे और बीच-बीच में धूप भी निकलती रही। शुक्रवार से आंधी के साथ बारिश होने की पूरी संभावना है, जिससे तापमान में और गिरावट आएगी।
आगरा:27 से 30 मई तक आंधी के साथ बूंदाबांदी की संभावना है। दोपहर बाद मौसम बदलने की संभावना है।
कानपुर:शाम से मौसम बदल सकता है। आंधी और बारिश के चलते गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।
बरेली:आज आंधी-बारिश का अलर्ट है। अधिकतम तापमान 37°C से 40°C तक रह सकता है। बारिश होने पर तापमान में 2–3 डिग्री की गिरावट दर्ज की जाएगी।
वाराणसी:अगले 24 घंटों में शहर में बारिश हो सकती है।
गर्मी के कारण और मानसून का अनुमान
मौसम विभाग के मुताबिक, यूपी में पिछले कुछ दिनों से तापमान बहुत ज्यादा है। तेज गर्मी के कारण जमीन और ऊपरी हवा के तापमान में बड़ा अंतर बन गया है, जिससे आंधी और बारिश की स्थिति पैदा हो रही है।
निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, मई के आखिर और जून के पहले हफ्ते में सूर्य की स्थिति बदलने के चलते गर्मी ज्यादा पड़ती है।
ज्योतिष की मानें तो जब सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करता है, तब से नौतपा शुरू हो जाता है, जिसके कारण तेज गर्मी पड़ती है।
जून से सितंबर के बीच उत्तर प्रदेश में भी सामान्य से कम बारिश होने की आशंका है। मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक डॉ. एम महापात्रा ने बताया कि इस साल प्रशांत महासागर में अल नीनो की ओर बढ़ने के संकेत हैं, जो कम वर्षा का कारण बनेगा। इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून के सामान्य से कमजोर रहने के संकेत हैं।
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश में 2025 के मानसून सीजन (जून से सितंबर) के दौरान औसतन 870 से 900 मिमी बारिश दर्ज की गई थी, जो सामान्य से करीब 10 से 15 प्रतिशत अधिक रही।
Sachin Saxena