पटना यूनिवर्सिटी में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यक्रम में हंगामा
पटना यूनिवर्सिटी में एकेडमिक और प्रशासनिक भवन के उद्घाटन के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पहुंचने पर छात्र नेताओं ने जमकर हंगामा किया। छात्रों ने 'पटना DM चोर है' और 'डिप्टी CM गो बैक' के नारे लगाए। मुख्यमंत्री के पहुंचने से पहले ही छात्र नेता नारेबाजी कर रहे थे, जिसके चलते उन्हें 7-8 मिनट में ही अपना कार्यक्रम खत्म करना पड़ा और वे वहां से निकल गए।
छात्रों का विरोध और आरोप
पटना यूनिवर्सिटी छात्र संघ के अध्यक्ष शांतनु शेखर ने बताया कि उन्हें इस कार्यक्रम की कोई जानकारी नहीं दी गई थी, यहां तक कि कुलपति को भी निमंत्रण नहीं मिला था। छात्रों ने कुलपति से कहा कि वे अपने लिए खड़े हों, क्योंकि 'यूनिवर्सिटी को हम बीजेपी का कार्यालय नहीं बनने देंगे।' छात्रों का यह भी आरोप था कि कुलपति को मुख्यमंत्री से मिलने नहीं दिया गया।
समझाने का प्रयास और समर्थन
हंगामे के बीच उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, शिक्षा मंत्री सुनील कुमार और डीएम त्यागराजन ने छात्रों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने। छात्रों ने उपमुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को भी घेर लिया। वहीं, कुछ छात्र नीतीश कुमार के समर्थन में 'देखो-देखो कौन आया, शेर आया-शेर आया' और 'बिहार का मुख्यमंत्री कैसा हो, नीतीश कुमार जैसा हो' के नारे लगाते भी दिखे। कुछ छात्रों के पास नीतीश की तस्वीर वाले पोस्टर थे, जिन पर 'हम छात्रों का अभिमान' लिखा था।
147.29 करोड़ की लागत से बने भवनों का उद्घाटन
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना यूनिवर्सिटी के नए प्रशासनिक और एकेडमिक भवन (कला संकाय) का उद्घाटन किया। इन दोनों भवनों का निर्माण 147.29 करोड़ रुपये की लागत से हुआ है। प्रशासनिक भवन G+8 और एकेडमिक भवन G+9 का है। उद्घाटन के बाद पटना यूनिवर्सिटी का मुख्यालय नए प्रशासनिक ब्लॉक में शिफ्ट हो जाएगा, जो मौजूदा कार्यालय की जगह लेगा। एकेडमिक भवन में दरभंगा हाउस में चल रहे सभी पीजी विभाग स्थानांतरित होंगे, और वाणिज्य कॉलेज को फिलहाल दरभंगा हाउस में शिफ्ट किया जाएगा।
आधुनिक सुविधाओं से लैस
बिहार एजुकेशनल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन द्वारा तीन एकड़ में निर्मित इन दोनों ब्लॉकों में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। कुलपति प्रो. नमिता सिंह ने बताया कि हर फ्लोर पर सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरा, नियंत्रण कक्ष, शुद्ध पेयजल, मीटिंग हॉल और सेमिनार हॉल जैसी सुविधाएं होंगी। सभी फ्लोर पर जाने के लिए लिफ्ट की व्यवस्था की गई है। परिसर में एक विद्युत सब स्टेशन भी बनाया गया है, और बिजली कटने की स्थिति में सौर ऊर्जा प्लांट का उपयोग किया जाएगा। इसके अलावा, पार्किंग और एक सुंदर गार्डन का भी निर्माण किया जा रहा है।
Pushpendra Chaubey