राबड़ी आवास खाली कराने की भाजपा की साजिश पर नीतीश कुमार ने फेरा पानी

· 1 min read
राबड़ी आवास खाली कराने की भाजपा की साजिश पर नीतीश कुमार ने फेरा पानी

राबड़ी देवी का 10 सर्कुलर रोड आवास फिलहाल खाली नहीं होगा, नीतीश कुमार ने बदला प्लान

बिहार सरकार के भवन निर्माण विभाग ने 25 नवंबर 2025 को एक पत्र जारी कर विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी को 39, हार्डिंग रोड बंगला आवंटित किया था। इस आदेश के बाद बिहार की राजनीति में यह चर्चा शुरू हो गई थी कि राबड़ी देवी को लगभग 20 साल बाद अपना 10 सर्कुलर रोड वाला बंगला खाली करना होगा। हालांकि, इस आदेश को निकले 90 दिन बीत जाने के बाद भी राबड़ी देवी अपने पुराने आवास में ही हैं, और सूचना है कि अब न तो वह इसे खाली करेंगी और न ही सरकार उसे खाली कराना चाहती है।

भाजपा के दबाव में आया था आदेश, नीतीश कुमार ने किया हस्तक्षेप

सूत्रों के अनुसार, राबड़ी देवी का आवास खाली कराने की योजना भाजपा के एक बड़े मंत्री ने बनाई थी। नई सरकार में अपनी ताकत का इस्तेमाल करते हुए उन्होंने एक अधिकारी को इस संबंध में आदेश जारी करने को कहा। भवन निर्माण विभाग, जो सरकारी भवनों की देखरेख करता है, जदयू कोटे के मंत्री विजय चौधरी के पास है, जो नीतीश कुमार के करीबी माने जाते हैं। भाजपा नेता के कहने पर मंत्री और अधिकारी ने उनकी बात मान ली। बताया जाता है कि मंत्री और अधिकारियों को लगा कि नीतीश कुमार के गृह मंत्रालय छोड़ने के फैसले ने उनकी छवि को कमजोर किया है। हालांकि, अधिकारी और मंत्री ने इसमें चालाकी दिखाते हुए राबड़ी देवी को नया आवास तो आवंटित कर दिया, लेकिन न तो उन्हें खाली करने का नोटिस दिया और न ही 10 सर्कुलर रोड वाले बंगले को किसी और मंत्री को आवंटित किया।

नीतीश कुमार को इस आवंटन की जानकारी तब हुई जब मीडिया में राबड़ी देवी के घर खाली करने की खबरें चलने लगीं। उन्होंने संबंधित अधिकारी को बुलाकर पूरी जानकारी ली और इसके बाद इस योजना को ठंडे बस्ते में डाल दिया। सूत्रों के मुताबिक, नीतीश कुमार ने इस मामले पर भाजपा नेता से बात की और उन्हें फटकार लगाते हुए भविष्य में दूसरे के विभाग में दखल न देने की हिदायत दी।

39 हार्डिंग रोड बंगले की स्थिति और सुविधाएं

राबड़ी देवी को आवंटित 39 हार्डिंग रोड बंगले की मरम्मत का काम पूरा हो चुका है। इसमें रंग-रोगन, बिजली, प्लंबर से जुड़े कार्य और पेड़-पौधों की छंटाई भी की जा चुकी है, जो दर्शाता है कि नया आवास उनके इंतजार में पूरी तरह तैयार है।

इस बंगले में रह चुके पूर्व मंत्री रामसूरत राय ने बताया कि यह आवास एक परिवार के रहने के लिए काफी बड़ा है। हालांकि, यदि राबड़ी देवी अपने दोनों बेटों, सभी बेटियों और उनके बच्चों के साथ रहना चाहें तो मुश्किल हो सकती है। यह घर राबड़ी देवी और लालू यादव के रहने के लिए पर्याप्त है। बंगले की मुख्य इमारत दो मंजिला है, जिसमें ऊपर और नीचे तीन-तीन बड़े बेडरूम हैं। इसके अलावा ड्राइंग रूम, डाइनिंग रूम और एक बड़ा हॉल भी है। मुख्य बिल्डिंग से अलग स्टाफ और सिक्योरिटी गार्ड के लिए भी अलग क्वार्टर बने हैं। बंगले में एक बड़ा गार्डन भी है, जिसमें नीम, पीपल, अमलतास, अशोक, आम, जामुन, गुलमोहर और कनेर जैसे पेड़ तथा मौसमी और सजावटी फूल लगाए गए हैं। यहां किचन गार्डन भी है। बंगले में आधुनिक सुविधाओं से लैस ऑफिस, अटैच बाथरूम वाले कमरे, ऑफिस, वेटिंग हॉल, स्टाफ के बैठने की जगह, स्टोर रूम, किचन के साथ सर्वेंट एरिया और जानवरों को रखने के लिए भी पर्याप्त जगह है।

आवास का आवंटन मंत्री की कैटेगरी के अनुसार होता है। राबड़ी देवी को 39 नंबर हार्डिंग रोड विधान परिषद में विपक्ष की नेता होने के आधार पर मिला है। वर्तमान में, राबड़ी देवी अपने 10 सर्कुलर रोड वाले आवास में ही बनी रहेंगी।

L. N. Bhargava