राहुल गांधी का DU पर जातिगत भेदभाव का आरोप; मोदी और RSS पर भी साधा निशाना

· 1 min read
राहुल गांधी  का  DU  पर  जातिगत भेदभाव  का आरोप;  मोदी  और  RSS  पर भी  साधा निशाना

राहुल गांधी के दिल्ली यूनिवर्सिटी पर जातिगत भेदभाव के आरोप; यूनिवर्सिटी ने बयान को खारिज किया

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कांशीराम जयंती पर लखनऊ में आयोजित संविधान सम्मेलन में हिस्सा लेते हुए दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि DU में इंटरव्यू के दौरान छात्रों को उनकी जाति देखकर फेल किया जाता है। राहुल ने कहा, "मैं दिल्ली यूनिवर्सिटी गया था। इंटरव्यू में बच्चों को निकालने का तरीका है। आपकी जाति क्या है भैया, आप इंटरव्यू में फेल।"

दिल्ली यूनिवर्सिटी ने राहुल गांधी के इन बयानों का खंडन किया है। यूनिवर्सिटी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में स्पष्ट किया कि वह कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET) स्कोर के आधार पर एडमिशन देती है। यूनिवर्सिटी ने यह भी बताया कि कई ग्रेजुएशन और पोस्ट-ग्रेजुएशन कोर्सेज के लिए इंटरव्यू आवश्यक नहीं हैं। यूनिवर्सिटी ने राहुल गांधी को सलाह दी कि बयान देने से पहले तथ्यों की जांच कर लेनी चाहिए।

दिल्ली यूनिवर्सिटी का बयान: "ऐसे कमेंट्स से यूनिवर्सिटी का माहौल खराब होता है"

DU ने अपनी पोस्ट में आगे कहा कि यदि राहुल गांधी का संकेत फैकल्टी रिक्रूटमेंट पर था, तो हाल के समय में सभी कैटेगरी में हजारों शिक्षकों की नियुक्तियां की गई हैं। यूनिवर्सिटी ने राहुल गांधी के बयान पर आपत्ति जताते हुए कहा, "हम ऐसी टिप्पणियों का कड़ा विरोध करते हैं, क्योंकि वे विश्वविद्यालय में एक ऐसा माहौल बनाती हैं जो पढ़ाई-लिखाई के लिए अनुकूल नहीं होता।"

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी और RSS पर भी साधा निशाना

राहुल गांधी ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी "साइकोलॉजिकली खत्म" हो गए हैं और अब वे भारत के प्रधानमंत्री नहीं बल्कि अमेरिका के लिए काम कर रहे हैं। राहुल ने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी ने देश की एनर्जी सिक्योरिटी से समझौता कर लिया है, क्योंकि अब अमेरिका तय कर रहा है कि भारत तेल कहां से लेगा, जिससे एनर्जी सेक्टर के हालात और खराब होंगे।

कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने कांशीराम जी के समाज में बराबरी के विचार का जिक्र किया और कहा कि अगर जवाहर लाल नेहरू जी जिंदा होते तो कांशीराम जी कांग्रेस के मुख्यमंत्री होते। उन्होंने भाजपा पर समाज को 15 और 85 प्रतिशत में बांटने का आरोप लगाया, जिसमें फायदा सिर्फ 15% वालों को मिल रहा है। राहुल गांधी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर भी निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि संगठन के ढांचे में पिछड़े वर्गों, दलितों या आदिवासी समुदाय का प्रतिनिधित्व नहीं दिखता।

Lokendra Mishra