छह राज्यों में लगातार बारिश, हिमाचल में हादसा
मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे से लगातार बारिश हो रही है। देश के मध्य हिस्से में लो-प्रेशर एरिया और मानसून ट्रफ सक्रिय है। उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश और आसपास बना लो-प्रेशर एरिया बारिश करा रहा है।
मध्य प्रदेश
भोपाल में दो दिन से बारिश जारी है। पिछले 24 घंटे में 7 इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई। स्कूलों में दो दिन की छुट्टी कर दी गई। शहर में 1,000 से अधिक घरों के आसपास 5 फीट तक पानी भर गया। मौसम विभाग ने 11-12 अगस्त को पश्चिमी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है।
राजस्थान
राजस्थान के 6 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट और 17 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटे में हाड़ौती क्षेत्र (कोटा, बारां, बूंदी और झालावाड़) में 12 इंच तक बारिश हुई।
हिमाचल प्रदेश
कुल्लू में राष्ट्रीय राजमार्ग-305 पर चलती गाड़ी पर मलबा और चट्टानें गिर गईं। हादसे में गाड़ी सवार दो लोग घायल हो गए और गाड़ी मलबे के नीचे दब गई। प्रदेश में चंडीगढ़-मनाली फोरलेन समेत 259 सड़कें, 161 बिजली ट्रांसफॉर्मर और 54 पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं। कुल्लू में रात से हो रही बारिश के चलते 56 सड़कें बंद हैं और 5 बिजली ट्रांसफॉर्मर प्रभावित हुए हैं। कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिले में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।
उत्तराखंड
चमोली की नीती घाटी में सोमवार शाम बादल फटने से तमक नाला उफान पर आ गया। तेज बहाव के साथ आए मलबे की चपेट में आने से वैली ब्रिज बह गया। करीब 35 फीट लंबे इस ब्रिज को बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन ने 17 टन स्टील से बनाया था। यह पुल भारत-चीन सीमा के पास स्थित है। पिछले साल 31 अगस्त को इसी स्थान पर बना पुल भी नाले के तेज बहाव में बह गया था। इसके बाद यहां स्टील का नया वैली ब्रिज बनाया गया था, जो अब टूट गया। चंपावत में लैंडस्लाइड से लोहाघाट-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया।
उत्तर प्रदेश
पहाड़ों पर हो रही जोरदार बारिश से यूपी में नदियां उफान पर हैं। वाराणसी में घाटों की सीढ़ियां डूब गई हैं। सभी 84 घाटों को आपस में जोड़ने वाले रास्ते जलमग्न हो गए हैं।
अन्य राज्य
छत्तीसगढ़ में आज कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी है। महाराष्ट्र के वसई-विरार में पिछले 2-3 घंटों से लगातार भारी बारिश हो रही है। नागिनदास पाड़ा रोड पर पानी भर गया। मुंबई में भारी बारिश के चलते हवाई अड्डे पर उड़ान परिचालन प्रभावित होने की आशंका है। एक एयरलाइन ने यात्रियों को फ्लाइट का स्टेटस चेक करने की सलाह दी है। पंजाब के पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का यलो अलर्ट है। हरियाणा में आज उत्तरी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में तेज बारिश होगी। बिहार में आज 5 जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है।
मौसम प्रणाली
उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में एक और मौसम प्रणाली सक्रिय है। इसके प्रभाव से 12 अगस्त के आसपास लो-प्रेशर एरिया बनने की संभावना है। आगे बढ़ने पर पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। मानसून ट्रफ उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश में बने लो-प्रेशर एरिया के केंद्र से होकर गुजर रही है। इस साल 10 अगस्त तक देश के 741 जिलों में से 338 में सामान्य से कम, 288 में सामान्य और 108 में सामान्य से अधिक बारिश हुई। 7 जिलों का आंकड़ा उपलब्ध नहीं है।
Ravi Yadav