रणकौशल प्रताप सिंह बने बेतिया के सबसे धनी प्रत्याशी, 373 करोड़ की संपत्ति घोषित

· 1 min read
रणकौशल प्रताप सिंह  बने बेतिया के सबसे धनी प्रत्याशी, 373 करोड़ की संपत्ति घोषित

रणकौशल प्रताप सिंह बने बेतिया के सबसे धनी प्रत्याशी

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में पश्चिम चंपारण जिले की नौ सीटों पर नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्याशियों के हलफनामे सुर्खियों में हैं। लौरिया विधानसभा से विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के उम्मीदवार रणकौशल प्रताप सिंह जिले के सबसे धनी प्रत्याशी के रूप में उभरे हैं।

373 करोड़ की संपत्ति घोषित

पेशे से बिल्डर और रियल एस्टेट कारोबारी रणकौशल सिंह ने 373 करोड़ रुपए की संपत्ति घोषित की है। उनके पास 2.58 करोड़ रुपए की कृषि भूमि और 352 करोड़ रुपए की गैर कृषि भूमि दर्ज है। उनकी पत्नी सलोनी सिंह के नाम पर 131 करोड़ रुपए की संपत्ति है।

शेयर, सिक्योरिटीज और लग्जरी वाहनों की जानकारी

रणकौशल सिंह के नाम पर 5.51 करोड़ रुपए के शेयर और सिक्योरिटीज हैं, जबकि उनकी पत्नी के नाम पर 6.59 करोड़ रुपए के निवेश दर्ज हैं। परिवार के पास सात लग्जरी वाहन हैं, जिनमें दो फॉर्च्यूनर, एक ऑडी और एक इनोवा शामिल हैं।

सोने-चांदी और हथियार

उनके परिवार के पास 3.4 किलो सोना, 600 ग्राम सोना और डायमंड ज्वेलरी हैं। रणकौशल सिंह के पास एक विदेशी राइफल और पिस्तौल हैं, जबकि उनकी पत्नी के पास भी एक विदेशी पिस्तौल है।

पैतृक और आलीशान मकान

रणकौशल प्रताप सिंह का पैतृक घर चनपटिया प्रखंड के कैथवलिया गांव में है। इसके अलावा उनका पटना में आलीशान मकान भी है। उनकी संपत्तियों ने जिले के राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना दिया है।

लौरिया सीट पर कड़ा मुकाबला

लौरिया सीट पर उनका मुकाबला मौजूदा भाजपा विधायक विनय बिहारी से होने की संभावना है। चर्चा है कि इस चुनाव में धनबल और जनबल के बीच का मुकाबला नए समीकरण गढ़ सकता है।

Gulzar Ahmad