डॉ. गौतम कृष्ण ने चुनाव के लिए जनता से आर्थिक सहयोग मांगा
सहरसा की महिषी विधानसभा सीट से आरजेडी प्रत्याशी डॉ. गौतम कृष्ण का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस वीडियो में उन्होंने आगामी बिहार विधानसभा 2025 चुनाव में लड़ने के लिए आम जनता से आर्थिक मदद की अपील की है।
‘गरीब का बेटा’ बताते हुए आर्थिक सहयोग की अपील
डॉ. गौतम कृष्ण ने वीडियो में खुद को ‘गरीब का बेटा’ बताते हुए अपनी आर्थिक स्थिति को कमजोर बताया। उन्होंने कहा कि वे पूंजीपतियों का पैसा नहीं चाहते, बल्कि जनता द्वारा दिए गए सहयोग से चुनाव लड़ना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने अपने वीडियो संदेश में बैंक खाता नंबर भी साझा किया।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
उनकी अपील सोशल मीडिया पर वायरल होते ही इलाके की राजनीति में हलचल बढ़ गई है। समर्थक इसे जनता के प्रत्याशी की सच्ची छवि मान रहे हैं, जबकि विपक्षी दल इसे आरजेडी की तैयारी और संसाधनों की कमी से जोड़कर देख रहे हैं।
2020 में भी महिषी सीट से थे उम्मीदवार
गौरतलब है कि डॉ. गौतम कृष्ण 2020 के विधानसभा चुनाव में भी महिषी सीट से आरजेडी के उम्मीदवार थे। उस चुनाव में उन्हें जदयू के गुंजेश्वर साह से मात्र 1,630 मतों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। इसी करीबी मुकाबले के कारण तेजस्वी यादव ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है।
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि जनता से की गई यह अपील उन्हें आगामी चुनाव में कितना लाभ पहुंचाएगी और क्या वे विधानसभा तक पहुंचने में सफल होंगे।
Bhavanesh Soni