रणथंभौर में गांधी परिवार का न्यू ईयर सेलिब्रेशन, रेहान-अवीवा की टाइगर सफारी
राजस्थान के सवाई माधोपुर स्थित रणथंभौर में न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए पर्यटकों की भारी भीड़ के बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा मंगलवार को पहुंचीं। प्रियंका गांधी के बेटे रेहान वाड्रा भी यहां पहुंचे और उन्होंने अपनी मंगेतर अवीवा बेग के साथ टाइगर सफारी का आनंद लिया।
चार दिन का प्रवास, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर लगभग 12 बजकर 45 मिनट पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का काफिला रणथंभौर पहुंचा। रास्ते में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा और शेर बाग होटल परिसर में भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा चार दिन तक रणथंभौर में प्रवास करेंगे और इस दौरान वे रेहान वाड्रा की मंगेतर अवीवा बेग के परिवार के साथ पांच सितारा होटल शेर बाग में ठहरेंगे।
परिवार संग टाइगर रिजर्व का भ्रमण और राजनीतिक हलचल
प्रवास के दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी अपने परिजनों के साथ रणथंभौर टाइगर रिजर्व का भ्रमण करेंगे। उनकी मौजूदगी से क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियों को लेकर हलचल बढ़ गई है। रणथंभौर टाइगर रिजर्व गांधी परिवार का पसंदीदा स्थल माना जाता है। इस वर्ष राहुल गांधी का यह दूसरा और प्रियंका गांधी वाड्रा का तीसरा रणथंभौर दौरा है।
रेहान और अवीवा की टाइगर सफारी
रेहान वाड्रा और अवीवा बेग ने दोपहर में टाइगर सफारी की। इस दौरान मिश्र दर्रा गेट के पास बाघिन टी 107 देखी गई। इसके साथ ही बाघिन रिद्धि के तीनों शावक जोन नंबर चार में टी 2504, टी 2505 और टी 2506 के रूप में अठखेलियां करते हुए नजर आए।
रिंग सेरेमनी की चर्चा, आधिकारिक पुष्टि नहीं
कुछ मीडिया रिपोर्टों में यह संभावना व्यक्त की गई है कि रणथंभौर में रेहान वाड्रा और अवीवा बेग की रिंग सेरेमनी हो सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बताया जाता है कि रेहान और अवीवा बचपन के दोस्त हैं और हाल ही में रेहान ने अवीवा को प्रपोज किया था।
अवीवा बेग का पारिवारिक पृष्ठभूमि
अवीवा बेग दिल्ली के एक प्रतिष्ठित बिजनेस परिवार से संबंध रखती हैं। उनके पिता इमरान बेग बिजनेसमैन हैं, जबकि उनकी मां नंदिता बेग जानी-मानी इंटीरियर डिजाइनर हैं। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, प्रियंका गांधी वाड्रा और नंदिता बेग पुरानी दोस्त हैं। नंदिता बेग ने कांग्रेस मुख्यालय 'इंदिरा भवन' के इंटीरियर डिजाइन पर भी काम किया है, जिससे दोनों परिवारों के रिश्ते और मजबूत हुए हैं।
परिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना
शेर बाग होटल के मालिक जैसल सिंह के बेटे का जन्मदिन बुधवार को है। अनुमान है कि इस जन्मदिन समारोह में गांधी परिवार के सदस्यों के शामिल होने की संभावना है। हालांकि, इस बारे में भी औपचारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है।
Pushpendra Chaubey