सावन के पहले सोमवार को भोजपुर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
सावन के पहले सोमवार पर जिले के प्रमुख शिवालयों में आस्था का सैलाब देखने को मिला। भोर से श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन के लिए मंदिरों में पहुंचने लगे।
भोजेश्वर महादेव मंदिर
विश्व प्रसिद्ध भोजेश्वर महादेव मंदिर, भोजपुर में सबसे अधिक भीड़ रही। यहां सुबह पांच बजे से दर्शन शुरू हो गए। दोपहर तक श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। पूरे दिन करीब 15 से 20 हजार श्रद्धालुओं ने एशिया के सबसे विशाल शिवलिंग के दर्शन कर जलाभिषेक किया।
मंदिर परिसर दिनभर हर-हर महादेव, बम-बम भोले के जयघोष से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने जल, दूध, बेलपत्र, पुष्प अर्पित किए और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। भीड़ को व्यवस्थित दर्शन कराने के लिए मंदिर समिति और प्रशासन ने आवश्यक व्यवस्थाएं कीं।
सोमेश्वर धाम
रायसेन किले की पहाड़ी पर स्थित प्राचीन सोमेश्वर धाम में भी श्रद्धालुओं ने झंडा यात्रा निकालकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। पाइप के माध्यम से जल अर्पित किया गया और पूरे मार्ग में शिवभक्ति का उत्साह दिखाई दिया। वन्यजीवों की गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग ने विशेष सुरक्षा व्यवस्था की। अधिकारी-कर्मचारी श्रद्धालुओं के साथ पूरे मार्ग में तैनात रहे।
Sachin Saxena