दतिया में कांग्रेस की जीत पर छिंदवाड़ा में जश्न
दतिया में कांग्रेस प्रत्याशी की जीत के बाद सोमवार देर शाम छिंदवाड़ा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ जश्न मनाया। शहर के अलग-अलग चौराहों और इलाकों में आतिशबाजी की गई, एक-दूसरे को मिठाई खिलाई गई और जीत की बधाई दी गई।
मतगणना में रहा रोमांचक मुकाबला
दतिया चुनाव की मतगणना के दौरान कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशियों के बीच लगातार रोमांचक मुकाबला रहा। हर राउंड के साथ दोनों के बीच वोटों का अंतर बदलता रहा। कभी कांग्रेस आगे रही, कभी भाजपा ने बढ़त बनाई। अंतिम दौर में कांग्रेस प्रत्याशी की जीत तय हुई, जिसके बाद कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई।
लालबाग में लड्डू बांटे गए
छिंदवाड़ा के लालबाग क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर जीत का जश्न मनाया। यहां पार्षद आकाश मोखलगाय ने कार्यकर्ताओं को लड्डू खिलाकर खुशी साझा की। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की, नारे लगाए और एक-दूसरे को जीत की शुभकामनाएं दीं।
जिले के कई क्षेत्रों में विजय उत्सव
दतिया से कांग्रेस प्रत्याशी की जीत की खबर मिलते ही छिंदवाड़ा जिले के जुन्नारदेव, परासिया, चौरई सहित कई इलाकों में कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और मिठाई बांटी। कार्यकर्ताओं ने इसे पार्टी के लिए उत्साह बढ़ाने वाला परिणाम बताया और कहा कि इस जीत से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और मनोबल मजबूत होगा।
Janmejay Chaturvedi