शपथ के बाद पहली बार पीएम मोदी से मिलने दिल्ली जाएंगे नीतीश कुमार
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रविवार की शाम दिल्ली रवाना होंगे, जहां सोमवार को उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात का कार्यक्रम तय है। बिहार विधानसभा चुनाव के बाद मुख्यमंत्री का यह पहला दिल्ली दौरा होगा और साथ ही शपथ लेने के बाद दोनों नेताओं के बीच यह पहली मुलाकात मानी जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, नीतीश कुमार सोमवार की शाम को ही पटना वापस लौट आएंगे। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि उनके साथ बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी दिल्ली जा सकते हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इस मुलाकात को आने वाले राजनीतिक संकेतों और समीकरणों की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यह संभावना भी जताई जा रही है कि नीतीश कुमार की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात हो सकती है। माना जा रहा है कि इन उच्चस्तरीय बैठकों में नई सरकार के अगले रोडमैप, केंद्र और राज्य के बीच समन्वय तथा विकास संबंधी एजेंडे पर चर्चा हो सकती है।
हाल ही में संपन्न बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को भारी बहुमत मिला था। एनडीए ने कुल 203 सीटों पर जीत दर्ज की। इनमें भारतीय जनता पार्टी 89 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, जबकि जनता दल (यूनाइटेड) को 85 सीटें मिलीं। चिराग पासवान के नेतृत्व वाली लोजपा (रामविलास) ने 19, जीतन राम मांझी की पार्टी हम ने 5 और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी रालोमो ने 4 सीटों पर जीत हासिल की।
नई सरकार के शपथ ग्रहण के लिए पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में भव्य समारोह आयोजित किया गया था, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हिस्सा लिया था। अब शपथ के बाद दिल्ली में होने वाली यह मुलाकात सरकार के आगे के कामकाज और केंद्र-राज्य संबंधों की दिशा तय करने के लिहाज से अहम मानी जा रही है।
Sachin Saxena