सिंहस्थ 2028 उज्जैन निर्माण कार्यों की समय सीमा तय: दीपावली 2027 तक होंगे पूरे
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिंहस्थ 2028 के लिए उज्जैन में चल रहे निर्माण कार्यों की समय सीमा निर्धारित कर दी है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि सभी निर्माण कार्य 2027 की दीपावली तक पूरे कर लिए जाएं, जो निर्धारित समय सीमा से छह माह पहले है।
मंत्रिमंडलीय समिति की बैठक में दिए निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह निर्देश सिंहस्थ 2028 के आयोजन के लिए गठित मंत्रिमंडलीय समिति की पांचवी बैठक में दिए। मंत्रालय में हुई इस बैठक में सीएम यादव ने कहा कि सिंहस्थ के सफल संचालन, प्रबंधन, विकास कार्यों की निगरानी और सूचना-शिक्षा-संचार गतिविधियों के लिए आवश्यक अधिकारियों-कर्मचारियों की पूर्ति तत्काल की जाए। उन्होंने विभिन्न दायित्वों के लिए सघन प्रशिक्षण की व्यवस्था शुरू करने और अधोसंरचना से संबंधित सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय सीमा में पूरा करने पर जोर दिया।
निर्माण कार्यों की समीक्षा और वित्तीय मंजूरी
मंत्रिमंडलीय समिति की बैठक में सीएम यादव ने उज्जैन में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की और प्रशासनिक कठिनाइयों की जानकारी ली। इस बैठक में सिंहस्थ के लिए 2985 करोड़ रुपये के निर्माण कार्यों को मंजूरी भी दी गई। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों की थर्ड पार्टी ऑडिट कराई जाए। इस बैठक से पहले, सीएम डॉ. यादव ने कैबिनेट के जरिए उज्जैन में एयरपोर्ट के लिए 590 करोड़ रुपये की मंजूरी दी थी, जिससे भूमि अर्जन की कार्रवाई की जा सकेगी।
Arvind Vishwakarma