चंदेरी में बैजू बावरा महोत्सव का भव्य आगाज, अनूप जलोटा की सूफी और भजन संध्या
अशोकनगर जिले की ऐतिहासिक नगरी चंदेरी में रविवार, 15 मार्च से तीन दिवसीय बैजू बावरा महोत्सव का शुभारंभ हो गया है। महान संगीतज्ञ बैजू बावरा की स्मृति में आयोजित इस कला संगम के मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया हैं। कार्यक्रम का आयोजन उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत कला एवं प्रशासन द्वारा चंदेरी के मेला परिसर में किया जा रहा है। संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी भी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
पहले दिन सूफी भजनों से मंत्रमुग्ध करेंगे अनूप जलोटा
15 से 17 मार्च तक चलने वाले इस महोत्सव के पहले दिन दीपिका पुरोहित ने पारंपरिक बुंदेली भजनों की प्रस्तुति दी। इसके बाद सुविख्यात भजन गायक पद्मश्री अनूप जलोटा अपनी सूफी और भजन गायकी से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। महोत्सव के लिए मेला ग्राउंड में टेंट और लगभग 30 प्रदर्शनी स्टॉल लगाकर सभी तैयारियां शनिवार को ही पूरी कर ली गई थीं।
दूसरे दिन ध्रुपद गायन और कथक नृत्य
महोत्सव के दूसरे दिन, 16 मार्च को शाम 7 बजे से अफजल हुसैन ध्रुपद गायन प्रस्तुत करेंगे। इसके उपरांत डॉ. निखिल बड़ोदिया का सितार वादन होगा। इसी शाम संघमित्रा तायवाड़े द्वारा कथक समूह नृत्य और बलवंत पुराणिक द्वारा कांच वाद्य वादन की मनमोहक प्रस्तुति दी जाएगी। प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है।
समापन पर सारंगी वादन और पुरस्कार वितरण
महोत्सव के अंतिम दिन, 17 मार्च को भोपाल के उल्हास तैलंग की गायन सभा सजेगी। इसके बाद मुंबई के फारुख लतीफ खां सारंगी वादन करेंगे। समापन कार्यक्रम में शिप्रा सुल्लेकरे का शास्त्रीय गायन और आरती श्रीवास्तव का नृत्य भी होगा। तीन दिनों तक चलने वाले इस भव्य कला समागम के अंत में प्रतिभाशाली कलाकारों को पुरस्कारों का वितरण भी किया जाएगा।
Sharad Shrivastava