तेजस्वी यादव ने मनाया 36वां जन्मदिन
बिहार के नेता प्रतिपक्ष और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने शनिवार रात 12 बजे अपना 36वां जन्मदिन मनाया। उन्होंने अपने परिवार और पत्नी राजश्री के साथ केक काटा। इस सेलिब्रेशन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं। इस खास मौके पर उनकी बहन मीसा भारती और बच्चे भी उपस्थित रहे।
राजनीतिक माहौल के बीच मनाया गया जन्मदिन
तेजस्वी यादव का यह जन्मदिन ऐसे समय में आया है जब बिहार में चुनावी माहौल अपने चरम पर है। राज्य में कैंपेनिंग का आखिरी दिन चल रहा है। इस मौके पर उनकी बहन रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कर तेजस्वी की तारीफ की। उन्होंने लिखा कि तेजस्वी की उम्र कम है लेकिन उनके इरादे मजबूत और नीयत साफ है। बहन मीसा भारती ने भी तेजस्वी को ईमानदारी और मेहनत के लिए शुभकामनाएं दीं।
तेजस्वी यादव का जीवन परिचय
तेजस्वी यादव 9 नवंबर 1989 को गोपालगंज, बिहार में जन्मे। वे बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के सबसे छोटे बेटे हैं। नौ भाई-बहनों में सबसे छोटे होने के कारण उन्हें परिवार का विशेष दुलार मिला। उनकी प्रारंभिक शिक्षा पटना में हुई और बाद में उन्होंने दिल्ली पब्लिक स्कूल वसंत विहार और डीपीएस आरके पुरम में पढ़ाई की। हालांकि, 9वीं के बाद उन्होंने पढ़ाई छोड़ दी और खेल जगत में करियर बनाने का फैसला किया। तेजस्वी ने क्रिकेट खेला और आईपीएल में दिल्ली डेयरडेविल्स टीम का हिस्सा भी रहे।
राजनीति में उभरता चेहरा
खेल के बाद तेजस्वी यादव ने राजनीति में कदम रखा। कम समय में ही वे बिहार की राजनीति का चर्चित और लोकप्रिय चेहरा बन गए। वर्तमान में वे महागठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार हैं और युवा वोटरों के बीच उनके प्रति विशेष आकर्षण देखा जा रहा है।
Satyam Tripathi