असम के काजीरंगा में मिनी बस और कंटेनर ट्रक की भिड़ंत, कई मौतें
असम के काजीरंगा क्षेत्र में शुक्रवार को एक तेज रफ्तार मिनी बस और कंटेनर ट्रक में आमने-सामने टक्कर हो गई। मिनी बस बोकाखाट से नगांव जा रही थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हादसे में 23 लोगों की मौत हुई है, जबकि समाचार एजेंसी PTI ने 12 मौतों की पुष्टि की है। मरने वालों में ज्यादातर छात्र बताए जा रहे हैं। टक्कर के बाद मिनी बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कई यात्री बस के अंदर फंस गए। रेस्क्यू टीम ने बस काटकर शवों को बाहर निकाला। बस में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी जानकारी अभी नहीं आई है।
लोकल मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हादसे का शिकार हुई मिनी बस के अब तक 12 चालान कट चुके थे। इन पर कुल 38,500 रुपए का जुर्माना भरा जा चुका था, जबकि 4,000 रुपए का एक चालान अब भी बकाया था। असम में कमर्शियल गाड़ी की ओवरस्पीडिंग पर 4,000 रुपए का जुर्माना लगता है।
गोलाघाट के एसएसपी स्वप्निल डेका ने PTI को बताया कि शुरुआती जांच के मुताबिक बस तेज रफ्तार में थी और ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बस सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से टकरा गई। हादसे के बाद घायलों को कोहोरा मॉडल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जोरहाट मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
असम में सड़क हादसों के आंकड़े
केंद्र सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, 2020 से 2024 के बीच असम में सड़क दुर्घटनाओं में 15,306 लोगों की मौत हुई। इनमें 2024 में सबसे ज्यादा 3,351 लोगों की जान गई। वहीं, 2023 में 3,296 और 2022 में 2,994 लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद की जानकारी अभी नहीं आई है।
L. N. Bhargava