टिफनी ट्रम्प ने पति संग देखा ताजमहल, नक्काशी देखकर हुईं अचंभित
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की बेटी टिफनी ट्रम्प अपने पति माइकल बॉऊलोस के साथ आगरा पहुंचीं। उन्होंने ताजमहल परिसर में लगभग एक घंटा बिताया। ताजमहल की खूबसूरती से प्रभावित होकर टिफनी ने गाइड से संगमरमर के स्रोत और नक्काशी की विधि के बारे में पूछताछ की। गाइड ने बताया कि संगमरमर भारत का है, जबकि नक्काशी में प्रयुक्त पत्थर भारत के साथ-साथ अफ्रीका और यमन जैसे देशों से मंगाए गए थे।
टिफनी और माइकल ने डायना बेंच के पास तस्वीरें खिंचवाईं और एक-दूसरे का हाथ थामकर पलों को कैद किया। उन्होंने अपने स्टाफ के साथ भी एक समूह फोटो ली। इस दौरान टिफनी नारंगी रंग की ड्रेस में थीं, जबकि माइकल टी-शर्ट और ट्राउजर में नजर आए। दोनों ने धूप का चश्मा पहन रखा था।
टिफनी का चार्टर्ड विमान खेरिया एयरपोर्ट पर उतरा, जहाँ से वे सीधे ताजमहल पहुंचीं। उन्होंने गोल्फ कार्ट में बैठकर परिसर का भ्रमण किया और लोगों का हाथ जोड़कर अभिवादन किया। उनके साथ भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर भी थे।
ताजमहल देखने के बाद टिफनी और माइकल होटल अमर विलास पैलेस के लिए रवाना हुए। इस होटल के उनके कमरे से ताजमहल का मनोरम दृश्य दिखाई देता है। लंच के बाद वे चार्टर्ड प्लेन से राजस्थान के जैसलमेर के लिए प्रस्थान करेंगे।
टिफनी ट्रम्प का यह दौरा 2020 में उनके पिता डोनाल्ड ट्रम्प, सौतेली माँ मेलानिया, बहन इवांका और जीजा जेरेड कुशनर के ताजमहल दौरे के बाद हुआ है। लगभग छह साल बाद ट्रम्प परिवार का कोई सदस्य एक बार फिर आगरा आया है। हाल ही में 25 मई को अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो भी अपनी पत्नी के साथ ताजमहल देखने आए थे।
Satyam Tripathi