उज्जैन विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा की सीएम हाउस में 'क्लास', सिंहस्थ कार्यों में सहयोग पर सहमति
उज्जैन उत्तर के भाजपा विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा को शुक्रवार देर रात भोपाल तलब किया गया। वे उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के विरोध में आंदोलन की धमकी दे रहे थे। भोपाल में उन्हें सीएम हाउस में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने तलब किया।
सिंहस्थ सड़क चौड़ीकरण विवाद और विधायक का विरोध
दरअसल, उज्जैन में सिंहस्थ के लिए भैरव गढ़ रोड किनारे पिपलीनाका क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है। इस सड़क चौड़ीकरण से करीब 410 घरों पर असर पड़ने की आशंका थी। नगर निगम ने इन घरों को 7 दिन में खाली करने का नोटिस जारी किया था, जिससे स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और उन्होंने विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा के कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया।
विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने क्षेत्रवासियों को आश्वासन दिया था कि सड़क 24 मीटर से ज्यादा चौड़ी नहीं होगी, अन्यथा वह खुद जनता के साथ सड़क पर उतरेंगे और जन आंदोलन का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने अधिकारियों पर मुख्यमंत्री को गलत जानकारी देने का आरोप भी लगाया था।
सीएम और संगठन की समझाइश, विधायक ने जताया खेद
सीएम हाउस में मुख्यमंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा द्वारा सिंहस्थ से संबंधित सड़क के मामले में दिए गए बयानों पर नाराजगी व्यक्त की। संगठन की समझाइश के बाद, विधायक कालूहेड़ा ने अपने बयान पर खेद जताया। उन्होंने कहा कि वे अब सिंहस्थ के कामों में सहयोगी रहेंगे और उनकी तरफ से कोई दिक्कत नहीं आएगी। हालांकि, उन्होंने यह भी आग्रह किया कि प्रशासनिक अधिकारी आम जनता से चर्चा करके ही कोई निर्णय लें।
Janmejay Chaturvedi