विश्व जल दिवस पर मैनिट भोपाल में ‘जल पर चर्चा’ कार्यक्रम
जल प्रबंधन और समान वितरण पर मंथन
भोपाल स्थित मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (मैनिट) में 22 मार्च को विश्व जल दिवस के अवसर पर ‘जल पर चर्चा’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। मैनिट भोपाल के जनपद अभियांत्रिकी विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में “विकसित भारत 2047 एवं जल प्रबंधन” विषय पर विशेषज्ञ, शोधार्थी और छात्र विचार-विमर्श करेंगे।
कार्यक्रम का मुख्य संदेश “Where Water Flows, Equality Grows” रखा गया है, जो जल संसाधनों के समान वितरण और सतत प्रबंधन पर केंद्रित है। इसका उद्देश्य जल संकट, भूजल गिरावट और भविष्य की चुनौतियों के बारे में जागरूकता बढ़ाना है, ताकि जल संरक्षण को जन-आंदोलन बनाया जा सके। चर्चा के मुख्य बिंदुओं में जल संसाधनों का बेहतर उपयोग, संरक्षण और समान वितरण शामिल होंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि जल प्रबंधन केवल तकनीकी विषय नहीं, बल्कि सामाजिक समानता से भी जुड़ा हुआ है।
प्रमुख अतिथि और वक्ता
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में संस्थान के निदेशक डॉ. करुणेश कुमार शुक्ल मुख्य अतिथि होंगे। केंद्रीय जल आयोग भोपाल के डायरेक्टर एम. डब्ल्यू. पौनिकर, डीन डॉ. आर. एन. यादव और केंद्रीय भूजल बोर्ड के पूर्व क्षेत्रीय निदेशक डॉ. सुभाष सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विभागाध्यक्ष डॉ. एम. एस. चौहान करेंगे।
छात्रों और समाज के लिए महत्वपूर्ण मंच
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. एच. एल. तिवारी के अनुसार, यह आयोजन छात्रों, शोधार्थियों और विशेषज्ञों के बीच संवाद स्थापित करने का एक महत्वपूर्ण मंच है, जो नई पीढ़ी को जल संरक्षण और प्रबंधन के प्रति जागरूक करेगा। विशेषज्ञों ने वर्तमान जल संकट, भूजल स्तर में गिरावट और असमान जल वितरण को गंभीर समस्या बताया और जल तक समान पहुंच को वास्तविक समानता एवं सतत विकास के लिए आवश्यक बताया। कार्यक्रम के माध्यम से जल संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने और इसमें अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई है।
Bhavanesh Soni