यूपी कैबिनेट के 18 प्रस्ताव पास, स्कूटी योजना और एक्सप्रेस-वे को मंजूरी
रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना
योगी सरकार इस साल ग्रेजुएशन पास करने वाली छात्राओं को स्कूटी देगी। इसका लाभ उन छात्राओं को होगा जिनके परिवार की सालाना आय 10 लाख रुपए तक होगी। दिव्यांग छात्राओं, शहीदों और निराश्रित परिवार की बेटियों पर आय सीमा लागू नहीं होगी।
स्कूटी हर विश्वविद्यालय और कॉलेज की टॉप 5% छात्राओं को ही मिलेगी। सरकार स्कूटी के साथ बीमा, रजिस्ट्रेशन, हेलमेट, जरूरी एक्सेसरीज और 4 लीटर पेट्रोल भी देगी। छात्राओं को ड्राइविंग लाइसेंस खुद बनवाना होगा।
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि स्कूटी बांटने के लिए 400 करोड़ का बजट मंजूरी दी गई है। स्कूटी पेट्रोल से चलने वाली होगी और इसकी खरीद जेम पोर्टल से की जाएगी।
विधानसभा सत्र और संभल दंगा रिपोर्ट
यूपी विधानमंडल का मानसून सत्र 3 अगस्त से 6 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान सदन में संभल दंगों की जांच रिपोर्ट रखी जाएगी और अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा।
दो नए एक्सप्रेस-वे को मंजूरी
विंध्य एक्सप्रेस-वे
इसकी लंबाई 333 किलोमीटर होगी। यह प्रयागराज में गंगा एक्सप्रेस-वे के अंतिम छोर से शुरू होकर मिर्जापुर, भदोही, वाराणसी और चंदौली से होते हुए सोनभद्र तक जाएगा। यह यूपी को बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड की सीमाओं से जोड़ेगा। प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 26,315 करोड़ रुपए है।
विंध्य-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेस-वे
यह 117 किलोमीटर लंबा होगा और चंदौली-गाजीपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के अंतिम छोर को विंध्य एक्सप्रेस-वे से जोड़ेगा। अनुमानित लागत 9,039 करोड़ रुपए है।
Adarsh Chaurasiya