यूथ कांग्रेस अध्यक्ष ने जिन्ना को कहा जिन्ना जी, भाजपा सरकार पर गंभीर हमला

· 1 min read
यूथ कांग्रेस अध्यक्ष ने जिन्ना को कहा जिन्ना जी, भाजपा सरकार पर गंभीर हमला

यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब का इंदौर में भाजपा सरकार पर हमला

इंदौर प्रेस क्लब में शनिवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने भागीरथपुरा घटना को लेकर भाजपा और मध्य प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि शहर में इस तरह की घटनाएं पहली बार नहीं हो रही हैं, फिर भी जिम्मेदारों को कोई परवाह नहीं है।

आजादी के नेताओं का जिक्र करते हुए जिन्ना को कहा "जिन्ना जी"

अपने संबोधन में उदय भानु चिब ने आजादी के आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि अंग्रेजों ने आसानी से आजादी नहीं दी थी, इसके लिए पूर्वजों ने जानें दीं और बलिदान दिया। उन्होंने भगत सिंह, सुभाष चंद्र बोस, महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और मोहम्मद अली जिन्ना का नाम गिनाया और जिन्ना को "जिन्ना जी" कहकर संबोधित किया। चिब ने कहा कि कितने लोग जेल में रहे और ऐसे सैकड़ों-हजारों लोगों के बलिदान के बाद देश को आजादी मिली।

भागीरथपुरा मामले में भाजपा पर लापरवाही के आरोप

उदय भानु चिब ने भागीरथपुरा मामले पर कहा कि इंदौर में इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। उनके अनुसार भाजपा की लापरवाही के कारण बच्चों और आम लोगों की मौतें हुई हैं, लेकिन पार्टी को अपनी जवाबदेही का एहसास नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं के बयानों से साफ झलकता है कि उन्हें जनता की जान की परवाह नहीं है।

कैलाश विजयवर्गीय पर निशाना, इस्तीफे की मांग

कैलाश विजयवर्गीय के हालिया बयान पर हमला बोलते हुए उदय भानु चिब ने कहा कि उनके बयान से लगता है कि उन्हें पूरे मामले से कोई फर्क नहीं पड़ता। चिब ने कहा कि ऐसे लोगों को सड़क पर चलने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए, लेकिन भाजपा ने उन्हें मंत्री बना रखा है। उन्होंने संबंधित मंत्री से तत्काल इस्तीफे की मांग की और आरोप लगाया कि विजयवर्गीय पहले भी ऐसे गैर-जिम्मेदाराना बयान दे चुके हैं।

मेयर पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज करने की मांग

भागीरथपुरा मामले को लेकर उदय भानु चिब ने कहा कि नगर निगम के महापौर पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया जाना चाहिए। उनका कहना था कि पिछले छह महीनों से लगातार शिकायतें की जा रही थीं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस पर ध्यान नहीं दे रहे थे। चिब के अनुसार यदि समय रहते कार्रवाई होती तो हालात इतने गंभीर नहीं होते।

उदय भानु चिब की राजनीतिक पृष्ठभूमि

उदय भानु चिब जम्मू के पलौड़ा क्षेत्र के रहने वाले हैं और कांग्रेस नेता हरि सिंह चिब के बेटे हैं। उन्होंने अपनी राजनीतिक शुरुआत कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई से की। इसके बाद वे एनएसयूआई के जम्मू-कश्मीर के अध्यक्ष रहे और फिर एनएसयूआई के राष्ट्रीय महासचिव बनाए गए। इसके पश्चात वे प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष बने और अब कांग्रेस नेतृत्व ने उन्हें भारतीय युवा कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है।

भाजपा विधायक गोलू शुक्ला की कड़ी प्रतिक्रिया

इंदौर-3 से भाजपा विधायक गोलू शुक्ला ने उदय भानु चिब के बयान पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि यह घोर निंदनीय और शर्मनाक है कि कांग्रेस ने ऐसे व्यक्ति को युवा कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया है जो जिन्ना को "जिन्ना जी" कहकर संबोधित कर रहा है। शुक्ला ने आरोप लगाया कि इस बयान से कांग्रेस पार्टी का पाकिस्तानी प्रेम एक बार फिर सामने आ गया है।

पूरे मामले में एक ओर उदय भानु चिब भाजपा सरकार, नगर निगम और उसके प्रतिनिधियों की जवाबदेही तय करने की मांग कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर भाजपा नेता उनके बयान को कांग्रेस की विचारधारा और रुख से जोड़कर राजनीतिक हमला तेज कर रहे हैं।

Adarsh Chaurasiya