अमित शाह ने अंबाला में ₹600 करोड़ का शहीद स्मारक लोकार्पित किया, राहुल पर साधा निशाना

· 1 min read
अमित शाह ने अंबाला में ₹600 करोड़ का शहीद स्मारक लोकार्पित किया, राहुल पर साधा निशाना

अमित शाह ने अंबाला में 1857 क्रांति के शहीद स्मारक का लोकार्पण किया

अंबाला रैली में हरियाणा की विकास योजनाओं पर जोर

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अंबाला में 600 करोड़ रुपए की लागत से बने 1857 की क्रांति के शहीद स्मारक का लोकार्पण किया। इसके बाद उन्होंने गांधी मैदान में रैली को संबोधित किया। रैली में उनका पूरा फोकस हरियाणा की विकास योजनाओं पर रहा। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की तारीफ करते हुए कहा कि हरियाणा की सरकार अपने सारे वादे पूरे कर रही है। अपने भाषण में उन्होंने कई बार 'मेरा हरियाणा' कहकर संबोधित किया।

शाह ने कहा कि MSP पर 24 फसलें खरीदने वाला देश का पहला राज्य हरियाणा है। देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन चलाने वाला भी हरियाणा है। उन्होंने म्यूजियम को लेकर मंत्री अनिल विज की भी तारीफ करते हुए कहा कि इन्हें लोग सालों-साल याद रखेंगे। वहीं, मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में शाह को लौहपुरुष कहा।

करनाल पदयात्रा में राहुल गांधी और विपक्ष पर हमला

इससे पहले करनाल में हुई पदयात्रा में अमित शाह का फोकस राहुल गांधी और विपक्ष पर रहा। यहां उन्होंने कहा कि देश की जनता ने लगातार तीसरी बार नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री चुना। 2024 के बाद राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस को लगातार हार का सामना करना पड़ा है।

शाह ने कहा, "राहुल जी, आप संसद चलने नहीं देते। मुद्दों पर चर्चा नहीं करते। संसद में शोर-शराबे को कांग्रेस ने अपना कल्चर बना दिया है। सड़क पर भीड़ इकट्ठा करके अनार्किस्ट (अराजकतावादी) की तरह अराजकता फैलानी है।"

Rajiv Tripathi