खातेगांव TI हत्याकांड: राहुल जायसवाल की तीन बसें जब्त, गुजरात जाएगी पुलिस टीम

· 1 min read
खातेगांव TI हत्याकांड: राहुल जायसवाल की तीन बसें जब्त, गुजरात जाएगी पुलिस टीम

खातेगांव TI हत्याकांड: राहुल जायसवाल की तीन बसें जब्त, गुजरात जाएगी पुलिस टीम

खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की हत्या के मामले में पुलिस ने कथित शराब तस्करी नेटवर्क के सरगना राहुल जायसवाल की तीन बसें बुधवार को अलग-अलग स्थानों से जब्त कीं। एक बस बिजवाड़, दूसरी कांटाफोड़ और तीसरी डबल चौकी से जब्त की गई। इनमें से दो बसें कांटाफोड़ थाने और एक डबल चौकी में खड़ी कराई गई है। बसों में सवार यात्रियों को दूसरे वाहनों से उनके गंतव्य तक भेजा गया। पुलिस बसों के फिटनेस और परमिट से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है, हालांकि इस कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

दो आरोपियों के पैर में लगी गोली, गुजरात और टिमरनी में जांच

इससे पहले पुलिस ने फरार आयशर वाहन चालक गजेंद्र उर्फ अक्कू और उसके सह आरोपी धीरज को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक दोनों ने अभिरक्षा से भागने और पुलिसकर्मियों के हथियार छीनकर हमला करने की कोशिश की। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई जवाबी कार्रवाई में दोनों के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपियों को देवास जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया। गजेंद्र पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित था और वह घटना के बाद से फरार था, जिसे बुधवार को बरोठा थाना क्षेत्र में पकड़ा गया। धीरज पर बैंक नोट प्रेस (BNP) थाना क्षेत्र में पुलिस अभिरक्षा से भागने की कोशिश करने का आरोप है।

पुलिस राहुल जायसवाल, मध्यस्थता कराने के आरोप में इंदौर के वकील विजय राव और वाहन उपलब्ध कराने वाले केरम सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। कोर्ट ने तीनों को सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक कुछ टीमें गुजरात जा सकती हैं। जांच में सामने आया है कि गुजरात भेजने से पहले शराब बॉर्डर के पास एक जगह जमा की जाती थी और फिर छोटे-छोटे स्लॉट में आगे भेजी जाती थी। पुलिस गुजरात में शराब खरीदने वालों के साथ कथित पार्टनर और फाइनेंसर मोहिन जायसवाल की तलाश करेगी। पुलिस की कुछ टीमें हरदा जिले के टिमरनी भी भेजी जाएंगी, जहां के तीनों शराब ठेकों के स्टॉक रजिस्टर, बिल-वाउचर, पार्टनर्स के बीच हुए लेनदेन और बैंक खातों सहित अन्य दस्तावेजों की जांच की जाएगी।

22 सदस्यीय SIT गठित, शहीद स्मारक बनेगा

मामले में हत्या, शासकीय कार्य में बाधा और आबकारी एक्ट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। जांच के लिए एएसपी सौम्या जैन के नेतृत्व में 22 सदस्यीय विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई है। पुलिस शराब की खरीद-फरोख्त, सप्लाई, फाइनेंसिंग और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। एसपी आदित्य मिश्रा ने बताया कि कर्तव्य निर्वहन के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए टीआई दिलीप पुरी की स्मृति में खातेगांव थाना परिसर में शहीद स्मारक बनाया जाएगा।

Arvind Vishwakarma