अमेरिका के अमीरों में 3+ बच्चों का चलन रुतबे की निशानी, परवरिश पर करोड़ों खर्च

· 1 min read
अमेरिका के अमीरों में 3+ बच्चों का चलन रुतबे की निशानी, परवरिश पर करोड़ों खर्च

अमेरिका के अमीर परिवारों में ज्यादा बच्चों का चलन बढ़ा

एक्सियोस की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका के सबसे अमीर 1% परिवारों में से करीब आधे परिवारों के 3 या उससे ज्यादा बच्चे हैं। वहीं, कम कमाई वाले समूह में तीन बच्चे वाले परिवार करीब 40 से 43% हैं। रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका के सबसे अमीर परिवारों में ज्यादा बच्चे पैदा करने का चलन 1990 के दशक से चला आ रहा है, लेकिन कम कमाई वाले परिवारों में यह चलन घट रहा है।

बच्चों की परवरिश पर भारी खर्च

अमेरिकी कंपनी लेंडिंगट्री की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका में एक बच्चे को जन्म से 18 साल की उम्र तक पालने में औसतन ₹3 करोड़ खर्च होते हैं। इस हिसाब से हर साल करीब 15 लाख रुपए खर्च करने पड़ते हैं। इसमें बच्चे के खाने, घर, आने-जाने, स्वास्थ्य बीमा और देखभाल जैसे खर्च शामिल हैं। हालांकि, यह औसत अनुमान है और हर परिवार का खर्च उसकी कमाई, रहने की जगह और बच्चों की जरूरतों के हिसाब से अलग हो सकता है।

रिपोर्ट के मुताबिक बच्चे के जन्म के बाद शुरुआती सालों में खर्च और भी ज्यादा होता है। पहले पांच साल में बच्चे को पालने पर हर साल औसतन करीब 26 लाख रुपए खर्च होते हैं। इसकी बड़ी वजह बच्चे की देखभाल के लिए डे-केयर या दूसरी सेवाओं पर होने वाला खर्च है। इसके बाद 6 से 18 साल की उम्र के दौरान औसत सालाना खर्च घटकर करीब 10.7 लाख रुपए रह जाता है। इस दौरान भी खाने, घर, आने-जाने और स्वास्थ्य से जुड़े खर्च बने रहते हैं।

अर्थशास्त्री का विश्लेषण

अर्थशास्त्री माइक कॉन्जल का कहना है कि अमीर परिवारों के लिए तीसरा बच्चा स्टेटस सिंबल यानी रुतबे की निशानी बन गया है। उनके मुताबिक, महंगाई और बच्चों की परवरिश का बढ़ता खर्च आम परिवारों को कम बच्चे पैदा करने के लिए मजबूर कर रहा है, लेकिन इसका असर सबसे अमीर 1% परिवारों पर उतना नहीं पड़ता। मिडिल क्लास परिवारों को अपनी कमाई में घर का किराया, बिल, बचत और बच्चों की जरूरतों के बीच तालमेल बैठाना पड़ता है। तीसरा बच्चा होने पर इन खर्चों का बोझ और बढ़ जाता है।

L. N. Bhargava