(अर्जुन की विरासत, अजय की सियासी अग्निपरीक्षा) ✅ राजनीति में कभी-कभी इतिहास के पन्ने वर्तमान की पटकथा लिखने लगते हैं। सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ में मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह का उल्लेख कुछ ऐसा ही प्रसंग है। सोनिया ने दाऊ साहब की राजनीतिक समझ, दूरदर्शिता और कठिन परिस्थितियों में उनकी सलाह का सम्मान करते हुए अतीत की एक महत्वपूर्ण घटना याद की है। पुत्र अजय सिंह ने आभार जताया, लेकिन इसके साथ ही एक बड़ा राजनीतिक सवाल भी सामने आ गया। जिस अर्जुन सिंह की सलाह को सोनिया आज स्वीकार कर रही हैं, उनकी विरासत संभालने वाले अजय सिंह की सलाह और अनुभव को वर्तमान कांग्रेस कितना महत्व देती है? अर्जुन सिंह का सियासी सफर किसी एक पद, प्रदेश या परिवार तक सीमित नहीं रहा। मुख्यमंत्री, पंजाब के राज्यपाल और केंद्रीय मंत्री से लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व तक उनकी भूमिका रही। राजीव गांधी और सोनिया गांधी के दौर में उनकी राजनीतिक समझ की अलग पहचान बनी। नरसिंह राव के समय मतभेद हुए, रास्ते अलग हुए और तिवारी कांग्रेस का अध्याय भी जुड़ा। फिर कांग्रेस में वापसी हुई। इस सफर में निष्ठा के साथ असहमति भी थी। यही अर्जुन सिंह की राजनीति का वह पहलू है जिसे केवल प्रशंसा के फूल चढ़ाकर नहीं समझा जा सकता। सोनिया ने 1999 में सरकार बनाने की असफल कोशिश का उल्लेख करते हुए स्वीकार किया है कि अर्जुन सिंह की सावधानी बरतने वाली सलाह माननी चाहिए थी। यह स्वीकारोक्ति बताती है कि राजनीति में हर उत्साह समझदारी नहीं होता और हर चेतावनी विरोध नहीं होती। दाऊ साहब की इसी पहचान को अजय सिंह अपने राजनीतिक जीवन में विरासत के रूप में लेकर आगे बढ़े हैं। फर्क इतना है कि पिता कभी दिल्ली की राजनीतिक पटकथा के महत्वपूर्ण पात्र थे, जबकि पुत्र की भूमिका आज मध्यप्रदेश कांग्रेस के नए समीकरणों के बीच अलग तरह के सवालों से घिरी है। अजय सिंह केवल अर्जुन सिंह के पुत्र नहीं हैं। विधायक, मंत्री और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के रूप में उनका अपना लंबा राजनीतिक अनुभव है। विंध्य की राजनीति में उनकी सक्रियता रही है। वर्ष 2018 की पराजय के बाद 2023 में चुरहट से वापसी ने यह भी दिखाया कि राजनीतिक जीवन में ठोकर अंतिम पड़ाव नहीं होती। फिर भी प्रदेश कांग्रेस की वर्तमान नेतृत्व व्यवस्था में उनकी भूमिका सीमित दिखाई देती है। यह उपेक्षा है, संगठन की प्राथमिकता है या बदलते नेतृत्व का स्वाभाविक परिणाम? इसका उत्तर कांग्रेस के भीतर ही तलाशना होगा। दिग्विजय सिंह के दौर से कमलनाथ के नेतृत्व और अब जीतू पटवारी तथा उमंग सिंघार की जोड़ी तक मध्यप्रदेश कांग्रेस की राजनीति कई करवटें ले चुकी है। नेतृत्व बदला, चेहरे बदले, संगठन की कार्यशैली बदली। लेकिन सवाल कायम है कि क्या बदलाव की इस भागदौड़ में पुराने अनुभवों का उचित उपयोग हो रहा है? कहावत है, घर का जोगी जोगड़ा, आन गांव का सिद्ध। यह मुहावरा अजय सिंह के संदर्भ में इसलिए याद आता है क्योंकि उनका राजनीतिक परिचय किसी नए पद की मोहताजी नहीं रखता। हालांकि अनुभव अपने आप में किसी पद पर अधिकार भी नहीं देता। अजय सिंह का गांधी परिवार से संबंध अर्जुन सिंह के समय से चला आ रहा है। राजीव और सोनिया से जुड़ी राजनीतिक स्मृतियों का अपना महत्व है। लेकिन आज कांग्रेस में राहुल गांधी की राजनीतिक प्राथमिकताएं और संगठन निर्माण का तरीका भी महत्वपूर्ण हैं। क्या इस नई व्यवस्था में अजय सिंह जैसे पुराने नेताओं के लिए कोई स्पष्ट जिम्मेदारी तय होगी? या फिर राजनीतिक विरासत का सम्मान केवल संस्मरणों, समारोहों और श्रद्धांजलियों तक सीमित रह जाएगा? यहां सवाल अजय सिंह को पद देने या नहीं देने भर का नहीं है। असली प्रश्न उनकी राजनीतिक उपयोगिता का है। कांग्रेस को विंध्य में संगठन मजबूत करना है, कार्यकर्ताओं से संवाद बढ़ाना है और प्रदेश में पुराने तथा नए नेतृत्व के बीच तालमेल बनाना है। इन जिम्मेदारियों में अजय सिंह के अनुभव का कितना उपयोग हो सकता है, यह उनकी सक्रियता, संगठनात्मक योगदान और नेतृत्व के भरोसे से तय होगा। विरासत अवसर दे सकती है, लेकिन वर्तमान में अपनी प्रासंगिकता सिद्ध करने की जिम्मेदारी स्वयं अजय सिंह की भी है। सोनिया गांधी ने पुस्तक के जरिए अर्जुन सिंह की दूरदर्शिता को फिर चर्चा में ला दिया है। अब सवाल यह है कि क्या यह स्मरण अजय सिंह की राजनीतिक भूमिका पर भी नए सिरे से विचार का अवसर बनेगा? राजनीति का पुराना सबक है कि समय पर मिली सलाह अनमोल होती है और समय निकल जाने के बाद उसकी प्रशंसा महज इतिहास बन जाती है। अर्जुन सिंह का प्रसंग यही याद दिलाता है। कांग्रेस के सामने प्रश्न है कि वह इतिहास से सीख लेकर वर्तमान को संवारती है या केवल अतीत का सम्मान करके आगे बढ़ जाती है। अर्जुन सिंह की विरासत पुस्तक के पन्नों में दर्ज हो गई, लेकिन अजय सिंह की राजनीतिक भूमिका का अगला पन्ना अभी लिखा जाना बाकी है। ✅विशेष राजनीतिक बॉक्स✅ (अर्जुन की अनसुनी सलाह, क्या अजय की सुनेंगे राहुल?) ✅ (सोनिया ने माना, अर्जुन की सलाह माननी चाहिए थी; अब क्या राहुल अजय से लेंगे मध्य प्रदेश कांग्रेस का फीडबैक?) ✅✅ सोनिया गांधी की पुस्तक ने मध्य प्रदेश कांग्रेस की राजनीति में एक नया सवाल खड़ा कर दिया है। सोनिया ने स्वीकार किया है कि 1999 के राजनीतिक घटनाक्रम में उन्हें अर्जुन सिंह की सलाह माननी चाहिए थी। उन्होंने अर्जुन सिंह की राजनीतिक समझ और अनुभव की सराहना भी की है। अब सवाल यह है कि जब सोनिया गांधी ने इतिहास के पन्नों में अर्जुन सिंह की सलाह का महत्व स्वीकार किया है, तो क्या राहुल गांधी को भी उनके पुत्र अजय सिंह से मध्य प्रदेश कांग्रेस की वर्तमान स्थिति का सीधा फीडबैक नहीं लेना चाहिए? बात सिर्फ पिता की विरासत या पुत्र की राजनीतिक महत्वाकांक्षा की नहीं, बल्कि कांग्रेस के भीतर अनुभव को महत्व देने की भी है। मध्य प्रदेश में कांग्रेस नेतृत्व और संगठनात्मक संतुलन की चुनौतियों से जूझ रही है। राहुल गांधी के करीबी रहे ज्योतिरादित्य सिंधिया पार्टी छोड़ चुके हैं। कमलनाथ की प्रदेश राजनीति में सक्रियता पहले जैसी नहीं रही। दिग्विजय सिंह अपनी राजनीतिक यात्राओं और गतिविधियों के जरिए सक्रिय हैं, लेकिन 2028 के चुनाव के लिए जीतू पटवारी और उमंग सिंघार के नेतृत्व का समर्थन कर चुके हैं। ऐसे में क्या पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह कांग्रेस के लिए नई संगठनात्मक भूमिका निभा सकते हैं? क्या राहुल गांधी को प्रदेश कांग्रेस की वास्तविक स्थिति, कार्यकर्ताओं की नाराजगी, गुटीय समीकरणों और संगठन की कमजोरियों पर अजय सिंह से अलग बैठकर चर्चा नहीं करनी चाहिए? क्या कमलनाथ-दिग्विजय के दौर में अजय सिंह की राजनीतिक उपयोगिता का सही आकलन दिल्ली तक पहुंच पाया था? सवाल अजय सिंह से भी है। क्या वे अर्जुन सिंह की राजनीतिक विरासत को वर्तमान कांग्रेस की जरूरतों से जोड़ने की पहल करेंगे? क्या पुराने अर्जुन समर्थकों और नई पीढ़ी के नेताओं के बीच संवाद का सेतु बनेंगे? क्या जीतू-उमंग के नेतृत्व के साथ मिलकर प्रदेशव्यापी भूमिका निभाने को तैयार हैं? सबसे महत्वपूर्ण सवाल राहुल गांधी के सामने है। जब सोनिया गांधी स्वयं स्वीकार कर रही हैं कि अर्जुन सिंह की सलाह नहीं मानना एक राजनीतिक चूक थी, तो क्या राहुल को अजय सिंह का पक्ष सुनकर प्रदेश कांग्रेस की जमीनी हकीकत समझने की पहल नहीं करनी चाहिए? अजय सिंह की जिम्मेदारी कांग्रेस और गांधी परिवार के प्रति बढ़ती है, तो कांग्रेस की जिम्मेदारी भी अजय सिंह के अनुभव और राजनीतिक योगदान का उचित आकलन करने की है। सोनिया ने अर्जुन की सलाह का महत्व इतिहास में स्वीकार किया है। अब देखना है कि राहुल वर्तमान की राजनीति में अजय की बात सुनने को कितना महत्व देते हैं। ✅ # सोनिया का सम्मान, अजय के बयान में सियासी संकेत! ( सवाल:अर्जुन सिंह की राजनीतिक विरासत को याद करते हुए अजय सिंह ने क्या कांग्रेस नेतृत्व को भी दिया संदेश?) सोनिया गांधी की आत्मकथा में अर्जुन सिंह के उल्लेख पर उनके पुत्र अजय सिंह का आभार व्यक्त करना महज पारिवारिक भावनाओं की अभिव्यक्ति नहीं है। बयान की प्रत्येक महत्वपूर्ण पंक्ति कांग्रेस की वर्तमान राजनीति के संदर्भ में अलग अर्थ रखती है। पहला संकेत — राजनीतिक अनुभव का सम्मान। अजय सिंह ने सोनिया गांधी के हवाले से अर्जुन सिंह को कांग्रेस के सबसे अनुभवी और समझदार नेताओं में बताया। यह उल्लेख दाऊ साहब की राष्ट्रीय राजनीतिक हैसियत को रेखांकित करता है। साथ ही सवाल उठाता है कि क्या वर्तमान कांग्रेस में अनुभवी नेताओं की सलाह को पर्याप्त महत्व मिल रहा है? दूसरा संकेत — सुनने और निर्णय लेने की क्षमता। अजय सिंह ने याद दिलाया कि अर्जुन सिंह कठिन परिस्थितियों में सबकी बात सुनकर एक वाक्य में समाधान प्रस्तुत कर देते थे। यह आज की कांग्रेस के लिए सामूहिक नेतृत्व, संवाद और राजनीतिक परिपक्वता का संदेश माना जा सकता है। तीसरा संकेत — अनसुनी चेतावनी का खामियाजा। बयान की सबसे महत्वपूर्ण पंक्ति यही है। सोनिया गांधी के हवाले से अजय सिंह ने बताया कि अर्जुन सिंह की चेतावनी नजरअंदाज करने का नुकसान पार्टी को उठाना पड़ा। यह कांग्रेस नेतृत्व के लिए अतीत की गलतियों से सीखने का स्पष्ट राजनीतिक संदेश है। चौथा संकेत — पद नहीं, संगठन सर्वोपरि। अजय सिंह का यह कहना कि उनके पिता के लिए पद से बड़ा संगठन और देशहित था, वर्तमान कांग्रेस की आंतरिक राजनीति में भी प्रासंगिक है। इसे व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा से ऊपर संगठनात्मक एकजुटता रखने की अपील समझा जा सकता है। पांचवां संकेत — विंध्य से राष्ट्रीय राजनीति तक। अर्जुन सिंह की राजनीतिक यात्रा याद दिलाकर अजय सिंह ने अपनी विरासत की क्षेत्रीय और राष्ट्रीय अहमियत सामने रखी है। सबसे बड़ा सवाल अजय सिंह की अपनी भूमिका का है। जब सोनिया गांधी ने अर्जुन सिंह के अनुभव और दूरदर्शिता को महत्व दिया है, तब क्या अजय सिंह इस विरासत को वर्तमान कांग्रेस की संगठनात्मक मजबूती में बदलने की पहल करेंगे? बयान में किसी पद की मांग या नेतृत्व पर सीधा दबाव नहीं है। लेकिन इसका राजनीतिक संदेश महत्वपूर्ण है—अर्जुन सिंह की विरासत पर गर्व के साथ अजय सिंह के सामने उसे आज की कांग्रेस के लिए उपयोगी बनाने की चुनौती भी खड़ी है।**
'सोनिया गांधी' की किताब ने ' अर्जुन सिंह 'की दूरदृष्टि याद दिलाई, अब सवाल है कि बदलती मध्यप्रदेश कांग्रेस में 'अजय सिंह ' की भूमिका क्या होगी।) सवाल दर सवाल ( राकेश अग्निहोत्री)