पेज 8 लीड **राजनीति के राज #✅ करंट योगी के नाम पर ही क्यों आता?✅ स्लग :( मोदी का करिश्माई व्यक्तित्व, अमित शाह की चाणक्य नीति और आक्रामक राजनीतिक प्रबंधन के बीच भगवाधारी योगी की अलग पहचान क्यों? शिवराज की मां की श्रद्धांजलि सभा में योगी को लेकर जिज्ञासा ने उठाया सवाल। क्या कार्यकर्ताओं की इस उत्सुकता के पीछे भविष्य की कोई राजनीतिक उम्मीद भी छिपी है?) ✅ राजनीति में कुछ चेहरे अपने पद से पहचाने जाते हैं, कुछ अपने काम से और कुछ अपने व्यक्तित्व से ऐसी पहचान बना लेते हैं कि उनका नाम आते ही चर्चा का रुख बदल जाता है। गुरुवार को भोपाल में केंद्रीय कृषि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी स्वर्गीय काशीबाई की त्रयोदशी एवं गंगाजली पूजन का अवसर था। होशंगाबाद रोड स्थित वृंदावन गार्डन में शोक संवेदनाएं व्यक्त करने वालों का सिलसिला जारी था। पार्टी कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, शुभचिंतक और राजनीतिक मतभेद रखने वाले लोग भी श्रद्धासुमन अर्पित करने पहुंचे। इस आत्मीय और संवेदनशील वातावरण के बीच एक राजनीतिक जिज्ञासा अलग से ध्यान खींच रही थी—योगी आदित्यनाथ कब आ रहे हैं? यह कोई राजनीतिक सम्मेलन नहीं, बल्कि मातृशोक में डूबे परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने का अवसर था। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों तथा मंत्रियों की उपस्थिति शिवराज सिंह चौहान के व्यापक राजनीतिक, व्यक्तिगत और सामाजिक संबंधों को रेखांकित करती है। राजनाथ सिंह दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के साथ पत्रकारों के दीपावली मिलन समारोह में शामिल होने के बाद भोपाल आए। योगी आदित्यनाथ भी उत्तर प्रदेश की प्रशासनिक व्यस्तताओं के बीच श्रद्धांजलि देने पहुंचे। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुरेंद्र अधिकारी और हरियाणा के सेनी पहुंचे, इसे सबसे पहले मानवीय संबंधों और शोक-संवेदना के रूप में ही देखा जाना चाहिए। लेकिन राजनीतिक विश्लेषण का सवाल कुछ अलग है। भाजपा में नरेंद्र मोदी का करिश्माई व्यक्तित्व है। अमित शाह की चाणक्य नीति, दूरदर्शिता, चुनावी प्रबंधन और आक्रामक संगठनात्मक शैली की अपनी पहचान है। फिर भगवाधारी योगी आदित्यनाथ का नाम आते ही कार्यकर्ताओं में अलग तरह की जिज्ञासा क्यों दिखाई देती है? आखिर करंट योगी के नाम पर ही क्यों आता है?** इस प्रश्न का एक पहलू योगी की सार्वजनिक छवि में छिपा है। भगवा वस्त्र, संन्यासी जीवन, स्पष्ट राजनीतिक भाषा और अपने बयानों के कारण चर्चा में रहने वाली उनकी शैली दूसरे मुख्यमंत्रियों से अलग दिखाई देती है। समर्थकों के लिए यह दृढ़ता का प्रतीक है, जबकि आलोचक उनकी राजनीति के कुछ पहलुओं पर सवाल उठाते हैं। लेकिन दोनों परिस्थितियों में योगी चर्चा के केंद्र में बने रहते हैं। क्या यही उनकी राजनीतिक पहचान का सबसे महत्वपूर्ण पहलू है? भाजपा की राजनीति में मोदी राष्ट्रीय नेतृत्व का प्रमुख चेहरा हैं, जबकि शाह संगठन और चुनावी रणनीति के केंद्रीय सूत्रधारों में हैं। योगी की भूमिका अलग है। वे देश के सबसे बड़े विधानसभा वाले राज्य की सरकार चला रहे हैं और लगातार दो विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत के बाद अब 2027 की तीसरी परीक्षा सामने है। इसीलिए योगी को लेकर राजनीतिक उत्सुकता जितनी है, उनकी जिम्मेदारी भी उतनी ही बड़ी है। उत्तर प्रदेश में जीत की हैट्रिक कोई आसान राजनीतिक चुनौती नहीं है। समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और अन्य दल अपने-अपने समीकरणों पर काम कर रहे हैं। जातीय संतुलन, सामाजिक गठबंधन, रोजगार, कानून-व्यवस्था, विकास और मतदाताओं की अपेक्षाएं चुनावी बहस का हिस्सा होंगी। योगी की व्यक्तिगत लोकप्रियता और उनकी सरकार के कामकाज का मूल्यांकन भी इन्हीं कसौटियों पर होगा। इसलिए केवल उनके नाम की चर्चा को चुनावी सफलता का संकेत मान लेना जल्दबाजी होगी। मध्यप्रदेश के संदर्भ में भी सवाल दिलचस्प है। शिवराज सिंह चौहान की अपनी पहचान 'मामा' के रूप में रही है। लंबे मुख्यमंत्री कार्यकाल और व्यक्तिगत संपर्कों ने उन्हें कार्यकर्ताओं तथा समाज के विभिन्न वर्गों से जोड़ा। उनके पारिवारिक शोक में इतने वरिष्ठ नेताओं का पहुंचना संबंधों की इसी व्यापकता को दर्शाता है। दूसरी ओर योगी को लेकर जिज्ञासा यह प्रश्न उठाती है कि बदलते राजनीतिक माहौल में भाजपा कार्यकर्ता किन व्यक्तित्वों और नेतृत्व शैलियों से प्रभावित होते हैं। क्या योगी की स्पष्ट बोलने वाली शैली कार्यकर्ताओं को आकर्षित करती है? क्या भगवा पहचान उन्हें अलग राजनीतिक प्रतीक बनाती है? या फिर लगातार चर्चा में रहने वाले उनके बयान और फैसले उनके प्रति उत्सुकता बनाए रखते हैं? इन सवालों का जवाब व्यापक कार्यकर्ता संवाद से ही मिल सकता है। आखिर सवाल यही है कि मोदी का करिश्मा, शाह की रणनीति और योगी की भगवा पहचान—इन तीनों की अलग-अलग राजनीतिक भूमिका को कार्यकर्ता किस नजर से देखते हैं? भोपाल की श्रद्धांजलि सभा को किसी राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन का अर्थ देना उचित नहीं होगा। योगी वहां एक शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने पहुंचे थे। लेकिन उनके नाम से जुड़ी जिज्ञासा ने राजनीतिक विश्लेषण का एक सवाल जरूर सामने रखा है। क्या योगी के नाम का यह करंट केवल व्यक्तित्व का आकर्षण है, या कार्यकर्ताओं की भविष्य के नेतृत्व को लेकर उम्मीदों और कल्पनाओं की भी कोई अभिव्यक्ति? इसका उत्तर भावनाओं से नहीं, समय और राजनीतिक परिस्थितियों से मिलेगा। ✅बॉक्स✅ ### योगी ने जब शिवराज की पोती ' इला' को दुलारा... मामा की पोती पर योगी का स्नेह, शोक के माहौल में आत्मीय रिश्तों की तस्वीर, भावनाओं में दिखा राजनीति से परे अपनापन राजनीति के रिश्तों में कभी-कभी ऐसे दृश्य सामने आते हैं, जो पद, प्रतिष्ठा और राजनीतिक समीकरणों से कहीं आगे निकल जाते हैं। भोपाल में गुरुवार को ऐसा ही एक भावुक दृश्य उस समय दिखाई दिया, जब भगवाधारी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की नन्ही पोती इला को प्यार से दुलारा। जनसभाओं और सामाजिक कार्यक्रमों में छोटे बच्चों को गोद में उठाकर स्नेह बरसाने वाले 'मामा' शिवराज के परिवार में आज उनकी अपनी पोती को योगी का दुलार मिल रहा था। शिवराज भी इस आत्मीय क्षण में बोल उठे—'मूलधन से ब्याज ज्यादा प्यारा होता है।' माताजी काशीबाई की त्रयोदशी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित अनेक वरिष्ठ नेता श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे। शिवराज की बहू अमानत ने योगी के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। इस दृश्य में राजनीति की औपचारिकता से अधिक पारिवारिक आत्मीयता दिखाई दी। एक ओर मां के जाने का गम, दूसरी ओर नई पीढ़ी पर स्नेह की छांव। शिवराज के राजनीतिक और सामाजिक रिश्तों की व्यापकता के बीच योगी का यह व्यवहार संदेश दे गया कि सियासत में संबंध केवल सत्ता के नहीं, संवेदना और संस्कार के भी होते हैं।
मोदी का करिश्मा.. शाह की रणनीति और योगी की अलग पहचान.. करंट कार्यकर्ताओं में योगी के नाम से क्यों आता है.. राजनीति के राज.. राकेश अग्निहोत्री