राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर फोन टैपिंग का आरोप लगाया, सातवीं बार बहस की चुनौती दी
इंस्टाग्राम सत्र में आरोप और बहस की चुनौती
शुक्रवार को राहुल गांधी ने इंस्टाग्राम पर 'ऑस्क मी' सत्र के दौरान अपना मोबाइल दिखाते हुए कहा कि विदेशी फंडिंग के सबूत उनके फोन में मौजूद हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जानते हैं कि उनका फोन टैप कराया जा रहा है।
राहुल ने एक बार फिर प्रधानमंत्री को आमने-सामने बहस की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि उनके साथ आमने-सामने बातचीत के बाद मोदी प्रधानमंत्री पद पर नहीं रहेंगे। पिछले 12 दिन में यह सातवीं बार है जब राहुल ने प्रधानमंत्री को बहस के लिए बोला है।
एक यूजर ने पूछा कि मोदी कहते हैं आपको विदेश से मदद मिल रही है, जबकि आप कहते हैं मोदी विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रहे हैं, दोनों दावों के सबूत कहां हैं। राहुल ने जवाब दिया कि उनके फोन में ही सभी आरोपों के सबूत हैं और वन-ऑन-वन डिबेट से साबित हो जाएगा कि विदेशी ताकतों के इशारे पर कौन काम कर रहा है, देश विरोधी कौन है और कब से देश विरोधी गतिविधियों में शामिल है। राहुल ने यह भी कहा कि ऐसी कई दूसरी जानकारियां उनके पास हैं जो उनके फोन में मौजूद हैं।
एक अन्य यूजर ने पूछा कि भाजपा कह रही है बहस संसद में होनी चाहिए, फिर वे पब्लिक डिबेट पर क्यों अड़े हैं। राहुल ने जवाब दिया कि उन्होंने संसद में कई मुद्दों पर बोलने की कोशिश की लेकिन उनका माइक बंद कर दिया जाता है। उन्हें किसान कानून, वोट चोरी, सावरकर, चीन, जनरल नरवणे की किताब और एप्स्टीन से जुड़े मुद्दों पर बोलने नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि वे संसद में होने वाली भाषणबाजी नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ आमने-सामने की बहस चाहते हैं जहां एक टेबल के एक तरफ नरेंद्र मोदी हों और दूसरी तरफ वे। भाजपा अडाणी और मोहन भागवत को जज बनाना चाहती है तो उन्हें इससे भी कोई दिक्कत नहीं है। राहुल ने गारंटी दी कि आमने-सामने बहस के बाद नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं रह पाएंगे।
यूजर ने पूछा कि उन्हें प्रधानमंत्री मोदी के साथ और किन मुद्दों पर बहस करनी चाहिए। राहुल ने जवाब दिया दिल्ली के प्रदूषण और वन-टू-वन बहस की चुनौती पर। उन्होंने कहा कि दिल्ली का AQI या बहस का न्योता, मोदी इनमें से किसे ज्यादा नजरअंदाज करेंगे। अगर मोदी बहस के लिए आते हैं तो उन्हें अपने एयर चैंबर से बाहर निकलकर आम लोगों की तरह सांस लेनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि बहस में मोदी को इन दोनों मुद्दों पर बात करने का मौका मिलेगा।
भाजपा की प्रतिक्रिया और संबंधित घटनाक्रम
भाजपा नेताओं ने गांधी की चुनौती का मजाक उड़ाया है और आरोप लगाया है कि वे संसद में बहस से भागते रहे हैं। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि जहां गांधी प्रधानमंत्री से बहस के लिए जगह चुनने को कह रहे हैं, वहीं संसद में पहले से ही एक जगह मौजूद है और उन्होंने उनसे लोकसभा में विपक्ष के नेता के रूप में कुछ गंभीरता और जिम्मेदारी दिखाने का आह्वान किया है।
एक संबंधित खबर में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को एक बार फिर खुली बहस की चुनौती दी है। इस बार उन्होंने सीधे CRPF के जवानों को टैग करके पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि प्रिय CRPF के जवानों, आपके चेहरों ने सब बता दिया - आपको प्रधानमंत्री के झूठ पर भरोसा नहीं। उन्होंने हमें नक्सली कहा। मेरी चुनौती कायम है। वो मुझसे बहस करें - देशद्रोही कौन है और विदेशी ताकतों के इशारे पर कौन चल रहा है। कोई भी समय, किसी भी जगह। मेरी गारंटी है उस बहस के बाद प्रधानमंत्री में एक भी जवान के सामने खड़े होने की हिम्मत नहीं होगी।
Janmejay Chaturvedi