भोपाल में आलमी तब्लीगी इज्तिमा का समापन
भोपाल में आयोजित आलमी तब्लीगी इज्तिमा सोमवार को दुआ-ए-खास के साथ संपन्न हुआ। मौलाना साद साहब ने भावुक माहौल में खास दुआ करवाई। उन्होंने दुआ में गुनाहों की माफी, इंसानियत पर रहम, और मुसलमानों को हक पर कायम रहने की तौफीक देने की गुजारिश की। उन्होंने दीनी मदरसों की हिफाजत, बीमारों की शिफा और नाहक मुकदमों का सामना कर रहे लोगों के लिए भी दुआ की।
10 लाख से अधिक जायरीन शामिल
इज्तिमा प्रबंधन के अनुसार इस बार 10 से 12 लाख जायरीन आयोजन में शामिल हुए। अब लाखों लोग वापसी के लिए लौट रहे हैं। इतनी बड़ी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात पर विशेष रणनीति अपनाई। प्रमुख मार्गों पर पुलिस, होमगार्ड और ट्रैफिक स्टाफ की तैनाती की गई।
सुव्यवस्थित ट्रैफिक और सुरक्षा इंतजाम
भीड़ के चलते रूट डायवर्जन, अतिरिक्त पार्किंग और पैदल मार्गों की व्यवस्था की गई। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर अतिरिक्त टिकट काउंटर और ATVM मशीनें लगाई गईं। इज्तिमा कमेटी ने मैकेनिक और पंचर खिदमत जमात की तैनाती भी की, जो जायरीन की गाड़ियों में खराबी या पंचर की स्थिति में मदद मुहैया कराएगी।
30 हजार लोगों ने संभाली व्यवस्थाएं
इज्तिमा स्थल की व्यवस्था 30 हजार प्रशिक्षित लोगों के हाथों में थी जिसमें 25 हजार वॉलंटियर्स और 5 हजार प्रशासन, नगर निगम और पुलिस बल के सदस्य शामिल थे। सफाई, सुरक्षा, ट्रैफिक और पंडाल व्यवस्था के लिए अलग-अलग टीमें चौबीसों घंटे काम कर रही थीं।
रेलवे ने जोड़े अतिरिक्त कोच
पश्चिम मध्य रेलवे ने भीड़ को देखते हुए भोपाल बिलासपुर एक्सप्रेस और भोपाल जोधपुर एक्सप्रेस ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़े। यह व्यवस्था 17 और 18 नवंबर को लागू रहेगी।
दुआ-ए-खास के दौरान विशेष इंतजाम
दुआ-ए-खास के मद्देनजर इज्तिमा स्थल पर रात से ही विशेष इंतजाम किए गए थे। मेडिकल हेल्प, स्वयंसेवक और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के साथ-साथ आपात स्थिति से निपटने के लिए संयुक्त कंट्रोल रूम सक्रिय था।
L. N. Bhargava