भोपाल में दिवाली पर पेड़ों की आरती उतारी गई
भोपाल के बाग मुगालिया एक्सटेंशन स्थित गोधुलि पार्क में दिवाली के अवसर पर पेड़ों की आरती उतारी गई। इस आयोजन में रहवासियों ने शंख और घंटी बजाकर पेड़ों का धन्यवाद किया और हरियाली बचाने का संकल्प लिया।
सात साल से चली आ रही परंपरा
पिछले सात सालों से दिवाली पर बाग मुगालिया एक्सटेंशन कॉलोनी के निवासी पेड़ों की आरती उतारते आ रहे हैं। इस बार भी बच्चे और बुजुर्ग देर रात गोधुलि पार्क में इकट्ठा हुए और दीपक जलाकर पेड़ों का आभार व्यक्त किया। कॉलोनी के अध्यक्ष उमाशंकर तिवारी ने बताया कि पेड़ हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, इसलिए उनका धन्यवाद करना हमारा कर्तव्य है।
चट्टान तोड़कर लगाए गए थे पेड़
रहवासियों ने बताया कि सात साल पहले गोधुलि पार्क में चट्टानें तोड़कर नीम, पीपल, आम, बरगद और अमरूद जैसे पेड़ लगाए गए थे। इन प्रयासों से अब वहां जंगल विकसित हो गया है और क्षेत्र हरा-भरा हो गया है।
हरियाली बचाने का संदेश
इस आयोजन में बाग मुगालिया एक्सटेंशन और आसपास की कॉलोनियों के निवासियों के साथ-साथ छोटे बच्चों और बुजुर्गों ने भी भाग लिया। डॉ. आलम, इरफान खान समेत कई लोगों ने दीपक जलाकर हरियाली बचाने का संदेश दिया।
Satyam Tripathi