भोपाल में दिवाली पर प्रदूषण रोकने की अनोखी व्यवस्था

· 1 min read
भोपाल में दिवाली  पर प्रदूषण रोकने की अनोखी व्यवस्था

भोपाल में दिवाली पर प्रदूषण रोकने की अनोखी व्यवस्था

दिवाली के मौके पर वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए भोपाल नगर निगम ने खास तैयारियां की हैं। नगर निगम ने रात 10 बजे से सुबह 4 बजे तक शहर के विभिन्न इलाकों में 34 वाहनों द्वारा पानी का छिड़काव करने की योजना बनाई है।

प्रमुख इलाकों में चलाए जा रहे हैं फव्वारे

शाम से ही प्रमुख इलाकों में फव्वारे चालू कर दिए गए हैं। हर साल दिवाली की रात पटाखों से निकलने वाला धुआं हवा की गुणवत्ता को प्रभावित करता है। हवा में घुलने वाले बारूद के कणों को नीचे बैठाने के लिए निगम ने फॉगिंग मशीन, फॉगर और जेड स्प्रे मशीनों से पानी छिड़काव की व्यवस्था की है।

संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी

संवेदनशील स्थानों पर रातभर 34 गाड़ियां 21 चिन्हित हॉटस्पॉट इलाकों में तैनात रहेंगी। ये वे इलाके हैं जहां हर साल दिवाली के दौरान एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) सामान्य से अधिक हो जाता है। निगम का दावा है कि सुबह से शुरू किए गए छिड़काव के बाद एयर क्वालिटी इंडेक्स में सुधार हुआ है और यह 150 के आसपास दर्ज किया गया है।

निगम के सीवेज प्रभारी राजेंद्र कुमार त्रिवेदी के अनुसार, सोमवार सुबह 8 बजे से फॉगर और जेड स्प्रे मशीनों से छिड़काव का काम शुरू कर दिया गया। न्यू मार्केट, मनीषा मार्केट, शाहपुरा, बिट्ठन मार्केट, लालघाटी, हमीदिया रोड, कोहेफिजा जैसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार स्प्रे किया गया।

Amit Pateria