विधानसभा उपचुनाव की घोषणा
बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की 3 सीटों पर 30 जुलाई को वोटिंग, 3 अगस्त को रिजल्ट
चुनाव आयोग ने गुरुवार को बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव का ऐलान किया। वोटिंग 30 जुलाई को होगी और रिजल्ट 3 अगस्त को आएगा। बिहार की बांकीपुर सीट भाजपा अध्यक्ष नितीन नवीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर राजेंद्र भारती को अयोग्य घोषित कर दिया गया था। गुजरात के मंजलपुर से विधायक योगेशभाई नरेदास पटेल के निधन के बाद यह सीट खाली है।
अन्य बड़ी खबरें
दिल्ली पुलिस ने ISI से जुड़े आतंकी मॉड्यूल के चार लोगों को गिरफ्तार किया
दिल्ली पुलिस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के आतंकी और हथियारों के नेटवर्क से जुड़े चार लोगों को गिरफ्तार किया है। ये सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर्स से निर्देश लेकर दिल्ली-NCR में आतंकी हमले की योजना बना रहे थे। गिरफ्तारी के समय पुलिस ने दो विदेशी पिस्तौल, नौ ज़िंदा कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए। पकड़े गए आरोपी शुभदीप सिंह, गुरजंट सिंह, साजन सिंह और गगनप्रीत सभी पंजाब के रहने वाले हैं।
दिल्ली के मंडी हाउस इलाके में राहुल गांधी के 'आई एम सॉरी' वाले पोस्टर लगे
दिल्ली के मंडी हाउस इलाके में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के पोस्टर लगाए गए हैं, जिन पर 'आई एम सॉरी' लिखा है और उन्हें कान पकड़कर माफ़ी मांगते हुए दिखाया गया है। ये पोस्टर भाजपा नेता तजिंदर बग्गा की ओर से लगाए गए हैं। यह तब हुआ जब राहुल गांधी ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान द्वारा दायर मानहानि मामले में अदालत के समक्ष खेद जताया था।
हैदराबाद में मटन बताकर बीफ सप्लाई करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, 50 किलो मांस जब्त
हैदराबाद पुलिस ने मटन की जगह बीफ सप्लाई करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान उस्मान मीट शॉप के मालिक मोहम्मद उस्मान और अयान बीफ शॉप में काम करने वाले मोहम्मद जहांगीर पाशा के रूप में हुई है। पुलिस ने 50 किलो मांस जब्त किया, जिसमें बीफ मिला था।
महाराष्ट्र में निर्दलीय MLC किरण सरनाइक एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हुए
महाराष्ट्र में निर्दलीय MLC किरण सरनाइक बुधवार देर रात एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि किरण कई सालों से उनके साथ काम कर रहे थे और अब उन्होंने आधिकारिक तौर पर शिवसेना के सदस्य के रूप में जुड़ने का फैसला किया है।
हिमाचल में अटल टनल के पास कार हादसे में एक पर्यटक की मौत, 3 घायल
हिमाचल प्रदेश में अटल टनल के पास कार हादसे में राजस्थान निवासी एक पर्यटक की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। यह हादसा मंगलवार रात को हुआ जब पर्यटक मनाली से लाहौल जा रहे थे। कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे चंद्र नदी की ओर जा गिरी। तेज रफ्तार के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा था।
TMC बागी गुट आज चुनाव आयोग से मिलेगा, नई कार्यकारिणी को मान्यता देने की मांग
तृणमूल कांग्रेस (TMC) का बागी गुट गुरुवार को नई दिल्ली में चुनाव आयोग (ECI) से मुलाकात करेगा। 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल पार्टी में हुए संगठनात्मक बदलावों और नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी को मान्यता देने की मांग करेगा। पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ऋतब्रत बनर्जी ने बताया कि चुनाव आयोग ने गुरुवार दोपहर 12 बजे मिलने का समय दिया है।
जम्मू-कश्मीर में भूकंप के झटके, अफगानिस्तान में आए 5.3 तीव्रता के भूकंप का असर
जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में बुधवार रात भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के हिंदूकुश क्षेत्र में था, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.3 दर्ज की गई। रात करीब 11:27 बजे आए इस भूकंप से फिलहाल किसी जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
आर्मी चीफ बने धीरज सेठ ने पिता को किया सैल्यूट, गार्ड ऑफ ऑनर के बाद पैर छूकर लिया आशीर्वाद
नई दिल्ली में नए सेना प्रमुख जनरल धीरज कुमार सेठ ने साउथ ब्लॉक में गार्ड ऑफ ऑनर लिया। इसके बाद उन्होंने अपने पिता रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल के.एम. सेठ को सैल्यूट किया और पैर छूकर आशीर्वाद लिया। उनका भाई, रियर एडमिरल रवनीश सेठ, जो भारतीय नौसेना में हैं, ने भी उन्हें सलामी दी।
दिल्ली हाईकोर्ट बोला- पालतू जानवर सिर्फ संपत्ति नहीं, परिवार का हिस्सा भी; कस्टडी तय करते समय जानवर की भलाई सबसे अहम
दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा है कि पालतू जानवरों को केवल संपत्ति नहीं माना जा सकता, वे परिवार का हिस्सा होते हैं। जस्टिस गिरीश कठपालिया ने तीन पालतू कुत्तों की कस्टडी से जुड़े मामले में यह टिप्पणी करते हुए कहा कि कस्टडी तय करते समय मालिक का भावनात्मक जुड़ाव और जानवर की भलाई सबसे महत्वपूर्ण है।
गुजरात में 19 विदेशी तस्करों को 20-20 साल की सजा; ₹575 करोड़ की हेरोइन पाकिस्तान से तस्करी कर लाए थे
गुजरात के भुज की विशेष NDPS अदालत ने ₹575 करोड़ की हेरोइन तस्करी के तीन मामलों में 18 पाकिस्तानी और एक अफगान नागरिक को 20-20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने सभी पर ₹2-2 लाख का जुर्माना भी लगाया है। यह मामला 2020 से 2022 के बीच कच्छ के जखाऊ तट के रास्ते पाकिस्तान से हेरोइन की तस्करी से जुड़ा है।
एअर इंडिया ने मुंबई-लंदन रूट पर बोइंग 787-9 विमान उतारा
एअर इंडिया ने मुंबई-लंदन रूट पर अपना नया बोइंग 787-9 विमान उतारा है, जिसमें पहली बार 'प्रीमियम इकोनॉमी' क्लास की सुविधा शुरू की गई है। इस 296 सीटों वाले विमान में USB और AC पावर आउटलेट, ब्लूटूथ हेडफोन कनेक्टिविटी के साथ एंटरटेनमेंट सिस्टम, आरामदायक बिस्तर और नई ट्रैवल किट जैसी सुविधाएं हैं।
Sharad Shrivastava