मानसून की रफ्तार पर ब्रेक, 16 राज्यों में बारिश का इंतजार
देश में 4 से 15 जून के बीच 64% कम बारिश
दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। 15 जून की सैटेलाइट तस्वीरों में देश के बड़े हिस्से से मानसूनी बादल गायब दिखाई दिए। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, 4 जून से 15 जून के बीच देश में सामान्य 53.7 मिमी के मुकाबले सिर्फ 19.2 मिमी बारिश हुई। यानी बारिश में 64% की कमी दर्ज की गई है।
16 राज्यों में बढ़ा बारिश का इंतजार
मानसूनी गतिविधियां कमजोर होने से 16 राज्यों में बारिश का इंतजार बढ़ गया है। इनमें राजस्थान, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली शामिल हैं। मानसून दक्षिण भारत से आगे बढ़ने के बाद महाराष्ट्र, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के आसपास ठहर गया है। पूर्वोत्तर राज्यों को कवर करने के बाद यह बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में रुक गया है।
हवाओं के बदले पैटर्न से धीमा पड़ा मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून के कमजोर होने की वजह समुद्र में नमी की कमी नहीं, बल्कि ऊपरी वायुमंडल की हवाओं का असामान्य पैटर्न है। इस बार पश्चिमी जेट स्ट्रीम सामान्य से ज्यादा दक्षिण की ओर खिसक गई है, जिससे मानसून को आगे बढ़ाने वाली हवाएं प्रभावित हो रही हैं। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में पर्याप्त नमी के बावजूद बादल नहीं बन पा रहे हैं। इससे मानसून के आगे बढ़ने पर फिलहाल ब्रेक लग सकती है। हालांकि अगले कुछ दिनों में इसके आगे बढ़ने की संभावना है। मध्य प्रदेश, राजस्थान समेत कई राज्यों में प्री-मानसून बारिश जारी है।
राज्यों में प्री-मानसून की गतिविधियां
मध्य प्रदेश:
भोपाल समेत कई जिलों में बारिश हुई। भोपाल और इंदौर में 70kmph की रफ्तार से हवा चली। मौसम विभाग ने भोपाल और ग्वालियर में अगले 2 दिन बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50-60kmph की रफ्तार से आंधी भी चलेगी। आज उज्जैन और विदिशा समेत 30 जिलों में बारिश का अलर्ट है।
उत्तर प्रदेश:
मौसम विभाग ने आज 32 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 50-60kmph की रफ्तार से हवा चलेगी। सोमवार से अगले 4 दिन तक अधिकतम तापमान में 5 से 7°C तक की बढ़ोतरी हो सकती है। 17-20 जून तक मानसून यूपी में सोनभद्र और ललितपुर के रास्ते एंट्री कर सकता है।
राजस्थान:
प्रदेश के 15 जिलों में आज बारिश का अलर्ट है। अगले तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। चित्तौड़गढ़ करीब एक इंच तक बारिश हुई। फलोदी सबसे गर्म शहर रहा।
बिहार:
राज्य के 19 जिलों में आज बारिश का यलो का अलर्ट है। मानसून की एंट्री के बावजूद प्रदेश के कई जिलों गर्मी बरकार है। 40°C के साथ शेखपुरा सबसे गर्म रहा।
पंजाब:
राज्य में पिछले 24 घंटे में तापमान में 5.4°C की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आज 6 जिलों में बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50kmph की रफ्तार से हवाएं चलेगी।
हरियाणा:
प्रदेश के 15 जिलों में आज को बारिश का अलर्ट है। इस दौरान 40 से 50kmph की रफ्तार से हवा चल सकती है। अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 6°C तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश:
राज्य में मानसून की एंट्री 20 जून के बाद होने की संभावना है। इससे पहले राज्य में अगले छह दिनों तक बारिश की संभावना जताई गई है।
उत्तराखंड:
उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली समेत 5 जिलों में बारिश का अलर्ट है। इस दौरान 40 से 50kmph की रफ्तार से हवा चल सकती है। अगले 4 से 5 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5°C तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
छत्तीसगढ़:
राज्य में अगले 5 दिन तक कई हिस्सों में तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है। बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में अगले 4 से 5 दिन में मानसून की एंट्री हो सकती है। आज कुछ जिलों में 40 से 50kmph की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
महाराष्ट्र:
मराठवाड़ा में 17 जून तक और विदर्भ में 16 जून तक हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है। वहीं, महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र और गोवा में 17 जून तक गर्मी के साथ उमस भरा मौसम रहने का अनुमान है।
Ravi Yadav