इंदौर में सड़क चौड़ीकरण के लिए पीढ़ियों पुराने आशियाने जमींदोज, रहने को जगह नहीं।

· 1 min read
इंदौर में सड़क चौड़ीकरण के लिए पीढ़ियों पुराने आशियाने जमींदोज, रहने को जगह नहीं।

इंदौर में सड़क चौड़ीकरण के लिए मकान तोड़ने पर हंगामा

इंदौर में गुटकेश्वर मंदिर से सदर बाजार रोड तक सड़क चौड़ी करने के काम के तहत नगर निगम की रिमूवल टीम ने सोमवार सुबह मकान-दुकान हटाने की कार्रवाई शुरू की। अब तक 80 से ज्यादा इमारतों को तोड़ा जा चुका है। निगम अधिकारी अंकेश बिरथरिया ने बताया कि 9 पोकलेन मशीन, 5 जेसीबी और 100 से ज्यादा निगमकर्मी मौके पर मौजूद हैं।

निवासियों का आरोप, बिना मुआवजे के उजाड़ा आशियाना

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था, प्लॉट या फ्लैट का मुआवजा दिए बिना ही उनके 4-4 पीढ़ियों पुराने आशियानों को जमींदोज किया जा रहा है। इस कार्रवाई से सबसे ज्यादा प्रभावित बुजुर्ग, विधवा और निराश्रित लोग हैं, जिनका इस दुनिया में सिर छुपाने के लिए इस आशियाने के अलावा कोई दूसरा आसरा नहीं था।

65 वर्षीय महिला की व्यथा

बुजुर्ग कृष्णा पाठक (65 वर्ष) रोते हुए बोलीं, "चार पीढ़ी से हमारा परिवार इसी गुटकेश्वर मंदिर रोड पर रह रहा है। मेरा जन्म भी इसी मकान में हुआ था। अब उम्र 65 साल हो चुकी है। इस मकान में हमारे 5 परिवार एक साथ रहते थे। सब चले गए। मैं तो अकेली विधवा हूं, मेरा भी मकान तोड़ दिया। प्रशासन ने हमें कोई मुआवजा नहीं दिया।" उन्होंने यह भी कहा कि उनके मकानों के सामने सरकारी जमीन खाली पड़ी है, जिसे प्रशासन ने छोड़ दिया है।

निराश्रित दंपत्ति की बेबसी

राजकुमारी मिश्रा (47 वर्ष) ने कहा, "हम पति-पत्नी निराश्रित हैं। कोई बच्चा या सहारा देने वाला नहीं है। प्रशासन को नोटिस देने के साथ-साथ हमारे लिए दूसरी जगह का इंतजाम भी तो करना था। हमें कोई मुआवजा नहीं दिया जा रहा, रहने को कोई फ्लैट नहीं दिया। न ही कोई हमारी मदद कर रहा है।" उन्होंने बताया कि करीब 15 फीट मकान तोड़ा जा चुका है, सिर्फ 6 फुट का किचन ही बचा है।

पीड़ितों की मांग, मिले प्लॉट या फ्लैट

बेघर हो रहे इन परिवारों का कहना है कि वे शहर के विकास और सड़क चौड़ीकरण के विरोधी नहीं हैं, लेकिन बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के लोगों को बेघर करना न्यायसंगत नहीं है। पीड़ितों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि बेघर परिवारों के लिए प्लॉट, फ्लैट या कोई अन्य पक्की जगह दी जाए। उन्होंने पक्षपातपूर्ण कार्रवाई बंद कर, वास्तविक सरकारी जमीनों से अतिक्रमण हटाने की मांग की है।

कांग्रेस का भाजपा पर आरोप

इस कार्रवाई के दौरान कांग्रेस के शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने भाजपा पर अहंकार का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के महापौर, मंत्री और विधायकों को रावण की तरह अहंकार आ गया है। कांग्रेस पार्टी प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उनकी न्याय की मांग उठाती रहेगी।

Ravi Yadav