देश के 70% हिस्से में बादल छाए, 25 जुलाई तक बारिश का अलर्ट
इसरो की सैटेलाइट तस्वीरों के मुताबिक देश के करीब 70% हिस्से में मानसूनी बादल छाए हुए हैं। अगले 25 जुलाई तक उत्तर, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत समेत देश के 60% से ज्यादा हिस्सों में अच्छी बारिश की संभावना है। इस मानसून सीजन में देशभर में बारिश सामान्य से 24% कम हुई है।
उत्तर प्रदेश में बाढ़ जैसे हालात
यूपी में नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। वाराणसी और प्रयागराज में घाटों की सीढ़ियां डूब गई हैं। काशी में दशाश्वमेध से लेकर पंचगंगा घाट तक रत्नेश्वर महादेव मंदिर समेत 40 छोटे मंदिरों में पानी घुस गया है।
राजस्थान में गर्मी बढ़ी
राजस्थान में मानसून पर ब्रेक लगने के बाद गर्मी बढ़ने लगी है। बीकानेर संभाग के तीन जिलों में रविवार को तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। राज्यभर में कहीं भी तेज बारिश नहीं हुई। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए राज्य के 24 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है, जो अगले तीन दिनों तक प्रभावी रहेगा।
जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में भारी बारिश
जम्मू और कश्मीर में भारी बारिश से श्रीनगर के कई इलाकों में जलभराव हो गया है। उत्तराखंड के ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है। रियासी जिले में सलाल बांध के सभी गेट खोल दिए गए हैं। रुद्रप्रयाग में लैंडस्लाइड के चलते केदारनाथ हाईवे पर यातायात ठप हो गया है। कटरा में वैष्णो देवी यात्रा लगातार दूसरे दिन स्थगित रही। राजौरी में फ्लैश फ्लड से क्रशर और हॉट मिक्स प्लांट बाढ़ की चपेट में आ गया, जिससे कई करोड़ का नुकसान हुआ।
हरियाणा, मध्य प्रदेश और अन्य राज्यों में अलर्ट
हरियाणा में 20 से 22 जुलाई के बीच कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी है। यूपी में 69 शहरों में भारी बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश के लगभग 90% हिस्से में 23 जुलाई तक हल्की बारिश का दौर बना रहेगा। 21 और 22 जुलाई के लिए जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड में रेड अलर्ट जारी किया गया है।
Pushpendra Chaubey