दिल्ली विधानसभा को बम ब्लास्ट की धमकी: खालिस्तानी ग्रुप के नाम से आया ई-मेल
दिल्ली विधानसभा भवन और लाल किले को बम ब्लास्ट में उड़ाने की धमकी दी गई है। सोमवार को खालिस्तानी ग्रुप के नाम से धमकी का ई-मेल भेजा गया है। इस जानकारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं और विधानसभा भवन की तलाशी की जा रही है। बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड सर्च में जुटे हैं। हालांकि, फिलहाल कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
वहीं, लाल किले की भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। इससे पहले दिल्ली स्थित धौला कुआं के आर्मी पब्लिक स्कूल और लोधी रोड के एयरफोर्स बाल भारती स्कूल को ईमेल के जरिए धमकी दी गई थी। जानकारी मिलने पर दिल्ली पुलिस, बम स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और दिल्ली फायर सर्विस की टीमें स्कूल पहुंचीं और पूरा कैंपस खाली कराया गया। हालांकि, जांच में वहां भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
देशभर में हाल ही में मिलीं कई ऐसी धमकियां
हाल के दिनों में देश के विभिन्न हिस्सों में इसी तरह की कई बम धमकियां मिली हैं, हालांकि किसी भी मामले में कोई विस्फोटक नहीं मिला है।
19 फरवरी: नोएडा के 12 स्कूलों को मिला धमकी का ईमेल
नोएडा के 12 स्कूलों को 19 फरवरी को बम से उड़ाने की धमकी का ईमेल आया था। जांच करने पर किसी भी प्रकार का विस्फोटक नहीं मिला। यह धमकी ऐसे समय मिली जब स्कूलों में CBSE की परीक्षाएं जारी थीं।
19 फरवरी: राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर बेंच को बम की धमकी
राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर बेंच को 19 फरवरी को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। यह पिछले साढ़े तीन महीने में जयपुर बेंच को 9वीं बार दी गई बम की धमकी थी। डॉग स्क्वायड, बम स्क्वायड और पुलिस टीम ने पूरे परिसर की तलाशी ली पर कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। अफरातफरी के कारण नियमित सुनवाई करीब आधे घंटे देरी से शुरू हुई थी।
17 फरवरी: गुजरात की 6 अदालतों को बम की धमकी
गुजरात की 6 अदालतों को 17 फरवरी को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इनमें गांधीनगर, अहमदाबाद, वडोदरा, वलसाड समेत 6 जिला अदालतों को ईमेल आए थे। सभी कोर्ट के कैंपस खाली कराए गए थे पर पुलिस को कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
9 फरवरी: हरियाणा के पंचकूला कोर्ट के सेशन जज को मिला ईमेल
हरियाणा के पंचकूला कोर्ट के सेशन जज को ईमेल के जरिए धमकी मिली थी। 9 फरवरी को आए इस ईमेल में कोर्ट को बम से उड़ाने की बात लिखी थी। इसके बाद कोर्ट में हड़कंप मच गया था। कोर्ट को खाली कराकर जांच की गई। धमकी के बाद पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट भी खाली करवाए गए थे। तलाशी करने पर पुलिस की टीम और डॉग स्क्वायड को कुछ संदिग्ध नहीं मिला।
मध्य प्रदेश: पीपुल्स यूनिवर्सिटी को मिली बम से उड़ाने की धमकी
भोपाल की पीपुल्स यूनिवर्सिटी को 19 फरवरी को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया था। यूनिवर्सिटी के डीन को ईमेल भेजकर दावा किया गया कि कॉलेज भवन में साइनाइड (जहर) वाले बम रखे गए हैं, जो दोपहर 12:15 बजे फटेंगे। इस मामले में भी जांच के बाद कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
Pushpendra Chaubey