ग्वालियर में ऑटोमोबाइल कारोबारी से 1.63 करोड़ रुपए की साइबर ठगी
रामदास घाटी निवासी ऑटोमोबाइल कारोबारी मनीष जैन की शिकायत पर सोमवार रात क्राइम ब्रांच ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। आरोप है कि 22 अप्रैल 2026 को उन्हें Axis-DMA नामक ऑनलाइन ट्रेडिंग ऐप से जोड़ा गया।
आरोपियों ने खुद को शेयर बाजार की अधिकृत टीम बताते हुए G-2 Axis Prime Circle और M-26 Axis VIP Circle जैसे व्हाट्सएप ग्रुप में शामिल किया। उन्होंने निवेश पर भारी मुनाफे का भरोसा दिलाया।
कारोबारी ने शुरुआत में पांच लाख और दस लाख रुपए निवेश किए। ऐप पर अच्छा मुनाफा दिखा और कुछ राशि निकालने पर उनका भरोसा बढ़ गया। इसके बाद उन्होंने अलग-अलग बैंक खातों में किस्तों में कुल 1 करोड़ 63 लाख 19 हजार 900 रुपए जमा कर दिए।
जब पूरी राशि निकालने की कोशिश की गई तो आरोपियों ने कैपिटल गेन टैक्स, ट्रांसफर चार्ज और अन्य शुल्क के नाम पर अतिरिक्त पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर उन्हें व्हाट्सएप ग्रुप से हटा दिया और मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया।
क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी अमित शर्मा ने बताया कि ठगी में इस्तेमाल बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, ट्रांजेक्शन हिस्ट्री और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर साइबर अपराधियों की तलाश की जा रही है।
Navjeet Kaur