हरियाणा से 6 स्पेशल ट्रेनें बिहार भेजने का दावा
कांग्रेस के राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल और राजद सांसद एडी सिंह ने आरोप लगाया है कि बिहार चुनाव से पहले हरियाणा से 6 स्पेशल ट्रेनें बिहार भेजी गईं। इन ट्रेनों में लगभग 6,000 लोग यात्रा कर रहे थे, जिन्हें प्रोफेशनल वोटर्स बताया गया है।
ट्रेनों का संचालन और आरोप
सिब्बल ने बताया कि 3 नवंबर को हरियाणा से छह विशेष ट्रेनें रवाना हुईं। पहली ट्रेन सुबह 10 बजे करनाल से बरौनी, दूसरी सुबह 11 बजे करनाल से भागलपुर गई। दिन में 3 और 4 बजे गुरुग्राम से दो ट्रेनें भागलपुर भेजी गईं। हर ट्रेन में औसतन 1,500 यात्री थे। विपक्ष ने इन लोगों के फर्जी वोटर होने की आशंका जताई और मामले की जांच की मांग की।
राजद सांसद का बयान
राजद सांसद एडी सिंह ने कहा कि ये सभी प्रोफेशनल वोटर्स हैं, जिन्हें चुनाव वाले राज्यों में भेजा जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन वोटर्स को फर्जी एपिक कार्ड दिए गए हैं और हरियाणा भाजपा नेताओं ने उत्तर रेलवे के अधिकारियों से संपर्क करके यह व्यवस्था की।
चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दावा किया गया है कि भाजपा नेताओं ने यात्रियों को फ्री टिकट देकर बिहार भेजा था। हालांकि लौटने की टिकट नहीं दी गई। इस घटना पर कांग्रेस ने चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग की है।
त्योहारों में विशेष ट्रेनें
रेल मंत्रालय ने कहा कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की भीड़ को देखते हुए 12,000 विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इनमें 10,700 निर्धारित और 2,000 अनिर्धारित ट्रेनें शामिल हैं।
Sachin Saxena