इंदौर में एनालॉग पनीर पर कार्रवाई
450 किलो पनीर जब्त
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पालदा स्थित उमापति इंडस्ट्रीज का निरीक्षण किया। यहां लो-फैट पनीर बनाने और पैकिंग का काम चल रहा था। जांच में खाद्य सुरक्षा मानकों से जुड़ी खामियां मिलीं। टीम ने 450 किलोग्राम पनीर जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1.17 लाख रुपये बताई गई है।
निरीक्षण में मिलीं खामियां
परिसर में ड्रेनेज व्यवस्था उचित नहीं मिली। दीवारें गंदी थीं। रॉ मैटेरियल निर्धारित तरीके से पैलेट्स पर नहीं रखा गया था और भंडारण व्यवस्था अव्यवस्थित मिली।
खाद्य पदार्थ के लेबल पर दर्ज न्यूट्रिशनल इंफॉर्मेशन से संबंधित जांच रिपोर्ट मौके पर उपलब्ध नहीं थी। पनीर की सामग्री सूची में पानी के इस्तेमाल का उल्लेख था, लेकिन निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे पानी की जांच रिपोर्ट भी नहीं मिली।
निर्माण बंद
परिसर की परिस्थितियां पनीर निर्माण के लिए उपयुक्त नहीं पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य पदार्थों का निर्माण तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया। मौके से पनीर का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री का निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में प्राकृतिक दूध से बने पनीर और डेयरी उत्पादों को प्रोत्साहित किया जाएगा और एनालॉग पनीर को बढ़ावा नहीं दिया जाएगा। स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने इंदौर में एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की थी।
Sachin Saxena