झारखंड में JPSC परीक्षा विवाद: अनशनकारी छात्र की तबीयत बिगड़ी, राहुल गांधी ने दिया समर्थन
झारखंड में परीक्षाओं में धांधली के खिलाफ चार दिन से अनशन पर बैठे आंदोलनकारी राहुल क्रांति की शुक्रवार सुबह तबीयत बिगड़ गई। उन्हें जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से रांची सदर अस्पताल ले जाया गया। आंदोलनकारियों की मांग है कि जेपीएससी परीक्षा रद्द की जाए। देवेंद्र नाथ समेत छह आंदोलनकारी भूख हड़ताल पर हैं।
राहुल गांधी का समर्थन
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार रात अनशन पर बैठे छात्र नेता रविंद्र पासवान से फोन पर बात की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आंदोलनकारियों के साथ है। इससे पहले उन्होंने वीडियो संदेश जारी कर लोगों से छात्रों को समर्थन देने की अपील की थी।
छात्र संगठनों की घोषणा
आइसा समेत दो छात्र संगठनों ने दिन में विधानसभा मार्च निकालने का ऐलान किया है। विधानसभा का सत्र फिलहाल जारी है। बाबूलाल मरांडी ने सदन में छात्रों के आंदोलन का मुद्दा उठाया और कहा कि सरकार को बातचीत करनी चाहिए।
अधिकारियों से वार्ता बेनतीजा
गुरुवार को प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार के साथ बातचीत के लिए एक कमेटी बनाई थी। देर रात करीब 10:45 बजे एसडीओ और एसडीएम लॉ-एंड-ऑर्डर छात्रों के पास पहुंचे। अधिकारियों ने कहा कि सरकार छात्रों से बात करना चाहती है, लेकिन छात्र अपनी बात पर अड़े रहे। प्रतिनिधिमंडल में दो पत्रकार और एक पूर्व महाधिवक्ता भी हैं। करीब 45 मिनट चली बैठक बेनतीजा रही और अधिकारी वापस लौट गए।
जांच में खुलासे
जेपीएससी परीक्षा में अनियमितता की जांच सीआईडी कर रही है। सीआईडी ने अब तक 19 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। जांच के दौरान मास्टरमाइंड अभय तिवारी से लगातार 10 दिनों तक पूछताछ की गई। अभय तिवारी ने बताया कि परीक्षा में सफलता दिलाने के नाम पर प्रत्येक अभ्यर्थी से 40 से 60 लाख रुपये तक की डील होती थी। इस रकम में ऊपर से नीचे तक जुड़े लोगों का हिस्सा पहले से तय रहता था।
Amit Pateria