छिंदवाड़ा में जन-विश्वास अभियान की शुरुआत, तीन अधिकारी निलंबित
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को छिंदवाड़ा में 'मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान' की शुरुआत की। उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को हर शुक्रवार जनता के बीच रहकर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।
तीन अधिकारी निलंबित
पत्रकारों से चर्चा में मुख्यमंत्री ने बताया कि लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर छिंदवाड़ा के CMHO डॉ. नरेश गुन्नाड़े, तहसीलदार और एक पटवारी को निलंबित किया गया है। जनता की शिकायतों की अनदेखी करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई करेगी और जवाबदेही तय की जाएगी।
हर शुक्रवार जनता के बीच
मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान के तहत अब प्रत्येक शुक्रवार कोई नियमित शासकीय बैठक नहीं होगी। इस दिन जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और विभागीय अमला क्षेत्र में जाकर सरकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लेंगे, आम लोगों से संवाद करेंगे और समस्याओं का मौके पर निराकरण सुनिश्चित करेंगे।
पदोन्नति और भर्तियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अधिकारियों और कर्मचारियों की पदोन्नति कई वर्षों से लंबित थी। सरकार ने इसे प्राथमिकता देते हुए बाधाएं दूर कीं। कई विभागों में अधिकारी विभागीय पदोन्नति समिति की प्रक्रिया भूल चुके थे। कर्मचारियों के चेहरों पर दिख रही खुशी सरकार के लिए सबसे बड़ा संतोष है। जिनका प्रमोशन बाकी है, सरकार उनका ध्यान रखेगी।
प्रदेश सरकार सभी विभागों में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया चला रही है। पुलिस विभाग में दो वर्षों में 18 हजार पदों पर भर्ती होगी, जिसमें एक हजार ड्राइवर शामिल हैं। करीब 7 हजार प्रोफेसरों की भर्ती की गई है और स्कूल शिक्षा विभाग में 10 हजार से अधिक पद भरे गए हैं। पिछले ढाई वर्षों में लगभग एक लाख भर्तियां की गई हैं; आगे ढाई लाख नई भर्तियों का लक्ष्य है।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पिछले 12 वर्षों में वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर गरीब, किसान, महिला और युवाओं के कल्याण के लिए काम कर रही हैं।
पूर्व पार्षद के निवास पहुंचे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव छिंदवाड़ा दौरे के दौरान पूर्व पार्षद स्व. लोकेश डेहरिया के निवास पहुंचे और श्रद्धांजलि अर्पित की। कुछ दिन पहले भोजन के बाद टहलने निकले लोकेश डेहरिया को अचानक हार्ट अटैक आया था, जिससे उनकी मौत हो गई। प्रभारी मंत्री राकेश सिंह और छिंदवाड़ा सांसद विवेक साहू भी साथ थे।
युवक की तबीयत बिगड़ी
सुबह सीएम के काफिले की आवाजाही और वीआईपी मूवमेंट के दौरान एक युवक की तबीयत बिगड़ गई। उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज लाया गया। संभवतः कल अत्यधिक शराब पीने के कारण वह हाइपोग्लाइसीमिया की स्थिति में था और शुगर लेवल खतरनाक स्तर तक कम हो गया था। प्राथमिक इलाज के बाद मरीज की स्थिति स्थिर है और उसे मेडिसिन वार्ड में भर्ती किया गया है।
L. N. Bhargava