"हम आतंकवादी नहीं": कॉकरोच पार्टी फाउंडर का शिक्षा मंत्री पर पलटवार
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के उस बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है जिसमें उन्होंने CJP को "आतंकवादियों की बी टीम" कहा था। दिल्ली के जंतर-मंतर पर लगातार चौथे दिन धरना प्रदर्शन के दौरान दीपके ने कहा, "सोचिए प्रधान ने क्या कहा। जब हम उन छात्रों के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं जिन्होंने आत्महत्या की है, उन्होंने कहा कि CJP आतंकवादियों की B टीम है। हम आतंकवादी नहीं हैं। हमें आप जैसे लोगों से देशभक्ति के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है।"
शिक्षा मंत्री ने CJP को बताया "भेष बदलकर लौटे लोग"
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने एक साक्षात्कार में कहा था कि जिन्हें डेमोक्रेसी में रिजेक्ट कर दिया गया था, वे भेष बदलकर सिस्टम के पीछे पड़े हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग जानबूझकर शिक्षा को डिरेल करने की कोशिश कर रहे हैं, चाहे वे कोचिंग सेंटर वाले हों या शिक्षा माफिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि इन पर नजर रखी जा रही है और इन्हें नियंत्रित किया जाएगा ताकि देश के बच्चों का भविष्य सुरक्षित रह सके।
CJP का 15 दिनों में 8 शहरों में प्रदर्शन
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की शुरुआत चीफ जस्टिस सूर्यकांत की एक टिप्पणी के बाद हुई थी, जिसमें उन्होंने बेरोजगार युवाओं को "कॉकरोच" कहा था। इस टिप्पणी के अगले दिन, 16 मई को अमेरिका में रह रहे अभिजीत दीपके ने CJP की शुरुआत की। 22 मई को उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर एक ऑनलाइन याचिका शुरू की, जिसे 8 लाख से अधिक लोगों का समर्थन मिलने का दावा किया गया। CJP के इंस्टाग्राम पर 2.27 करोड़ फॉलोअर्स थे, जो फिलहाल भाजपा और कांग्रेस से ज्यादा हैं।
30 वर्षीय अभिजीत दीपके महाराष्ट्र के संभाजी नगर के रहने वाले हैं और डिजिटल मीडिया स्ट्रैटजिस्ट हैं। उन्होंने पुणे से पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वर्तमान में अमेरिका की बॉस्टन यूनिवर्सिटी में पब्लिक रिलेशंस में मास्टर्स की पढ़ाई कर रहे हैं। CJP पिछले 15 दिनों में 8 शहरों में प्रदर्शन कर चुकी है।
Adarsh Chaurasiya