# मंत्री, कार्यकर्ता और रिपोर्ट कार्ड की परीक्षा! *मोहन-हेमंत की पहल के सालभर बाद सवाल.. मंत्रियों की मौजूदगी से कार्यकर्ताओं के समाधान तक कौन लेगा पूरी जिम्मेदारी?** *भोपाल।** मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की जोड़ी ने करीब एक साल पहले सत्ता और संगठन के बीच समन्वय मजबूत करने के साथ मंत्रियों की कार्यकर्ताओं के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करने की पहल की थी। प्रदेश भाजपा कार्यालय में मंत्रियों के बैठने की व्यवस्था बनाई गई। समय के साथ कार्यकर्ताओं के मिलने का मापदंड भी बदल गया। अब जब मोहन सरकार तीन साल पूरे करने जा रही है, तब इस व्यवस्था के मूल्यांकन का भी वक्त आ गया है। दो दिसंबर को भोपाल में अधिकारियों और 21-22 दिसंबर को चित्रकूट में मंत्रियों के साथ चिंतन होगा। सवाल यह है कि क्या विभागीय उपलब्धियों के साथ मंत्रियों की संगठनात्मक जिम्मेदारियों का भी आकलन होगा? कितने कार्यकर्ताओं की समस्याओं का समाधान हुआ और कितने आज भी परेशान हैं? यदि व्यवस्था कारगर सिद्ध हुई तो श्रेय किसे मिलेगा और यदि अपेक्षित परिणाम नहीं मिले तो जिम्मेदारी किसकी होगी? मंत्रियों के लिए बना रोस्टर, कितना हुआ पालन.. एक दिसंबर 2025 से प्रदेश भाजपा कार्यालय में सहयोग सेल के माध्यम से मंत्रियों की मौजूदगी सुनिश्चित करने की शुरुआत हुई थी। निर्धारित दिनों में दो मंत्रियों को कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनने की जिम्मेदारी सौंपी गई। नवंबर 2026 में भी 14 कार्यदिवसों का कार्यक्रम जारी किया गया। अब संगठन को देखना चाहिए कि कौन मंत्री नियमित पहुंचे, किसने निर्धारित समय दिया और कौन अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन नहीं कर पाया। अनुपस्थिति की वजह शासकीय व्यस्तता थी या संगठन की प्राथमिकताओं के प्रति उदासीनता? कार्यकर्ता की सीधी पहुंच पर अनुशंसा की शर्त.. व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव एक अप्रैल 2026 से सामने आया। कार्यकर्ताओं को मंत्रियों से मिलने के लिए सांसद, विधायक अथवा भाजपा जिलाध्यक्ष का अनुशंसा पत्र लाने की शर्त लागू की गई। बाद की खबरों में प्रदेश पदाधिकारियों की अनुशंसा का भी उल्लेख हुआ। उद्देश्य था कि स्थानीय समस्याएं जिले में ही सुलझें और गंभीर प्रकरण भोपाल पहुंचें। लेकिन सवाल यह भी है कि यदि कार्यकर्ता की शिकायत स्थानीय नेतृत्व से जुड़ी है तो वह किसकी अनुशंसा लेकर आएगा? कहीं समाधान की व्यवस्था में सिफारिश की नई दीवार तो खड़ी नहीं हो गई? तीन हजार आवेदन, समाधान का इंतजार कितना.. जून तक सहयोग सेल में तीन हजार से अधिक आवेदन पहुंचने की जानकारी सामने आई थी। नवंबर अंत तक इस संख्या मैं कितनी बढ़ोतरी हुई यह अब सामने आने का समय आ गया है.. इनमें जमीन संबंधी विवाद, स्थानांतरण, स्थानीय प्रशासन और जनसमस्याओं से जुड़े प्रकरण शामिल थे। अब इनका विषयवार, जिलेवार और मंत्रीवार परीक्षण होना चाहिए। कितने आवेदन नियम सम्मत थे, कितने निराकृत हुए और कितने लंबित हैं? कार्यकर्ताओं को समाधान की सूचना मिली या उन्हें बार-बार भोपाल आना पड़ा? क्या पार्टी की गुटबाजी मंत्री, सांसद ,विधायक, पदाधिकारी की प्रतिस्पर्धा और टकराहट ने कार्यकर्ता के काम रोक दिए गए..केवल आवेदनों की संख्या उपलब्धि का प्रमाण नहीं हो सकती। समस्या क्यों कितनी उसका समाधान कब कितना कैसे हुआ.. अधिकारियों के सामने मंत्री कितने प्रभावी.. मंत्रियों द्वारा भेजे गए पत्रों और निर्देशों को अधिकारियों ने कितनी गंभीरता से लिया? क्या मंत्रियों ने अपने विभाग और प्रभार वाले जिलों से इतर समस्याओं के समाधान में भी सक्रियता दिखाई? यदि अधिकारियों ने सुनवाई नहीं की तो संबंधित मंत्री ने उच्च स्तर पर बात रखी या खुद को असहाय महसूस किया? प्रशासनिक निष्पक्षता बनाए रखते हुए नियमसम्मत समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना ही इस व्यवस्था की सार्थकता होगी। दिल्ली पहुंचा फीडबैक, सहयोग सेल का क्या.. प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल पहले बता चुके हैं कि मुख्यमंत्री और संगठन ने मंत्रियों के कामकाज की संयुक्त समीक्षा कर केंद्रीय नेतृत्व को जानकारी दी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं, मीडिया और आम जनता से मिलने वाले फीडबैक का भी उल्लेख किया था। ऐसे में सवाल है कि क्या सहयोग सेल का अलग रिपोर्ट कार्ड भी केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंचेगा? क्या कार्यकर्ताओं की संतुष्टि मंत्रियों के प्रदर्शन का महत्वपूर्ण मापदंड बनेगी? सफलता का श्रेय, कमियों की जिम्मेदारी भी.. यदि यह प्रयोग सफल हुआ तो इसका राजनीतिक श्रेय मोहन और हेमंत की समन्वयकारी पहल को मिलेगा। सक्रिय मंत्रियों, संगठन पदाधिकारियों और संवेदनशील अधिकारियों का योगदान भी स्वीकार करना होगा। लेकिन कमियां सामने आईं तो जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए। मंत्री की अनुपस्थिति, अनुशंसा देने में स्थानीय नेतृत्व की उदासीनता और प्रशासनिक स्तर पर लंबित प्रकरणों का अलग-अलग मूल्यांकन जरूरी है। भोपाल से चित्रकूट तक कार्यकर्ता की आवाज.. दिसंबर के चिंतन शिविरों में विभागीय उपलब्धियों के साथ जनप्रतिनिधियों की संवेदनशीलता और कार्यकर्ताओं की संतुष्टि पर भी मंथन होना चाहिए। संगठन स्वतंत्र फीडबैक लेकर सहयोग सेल का वार्षिक रिपोर्ट कार्ड तैयार कर सकता है। आखिर 2028 से पहले भाजपा के लिए कार्यकर्ता का विश्वास बड़ी राजनीतिक पूंजी है। मंत्री का पार्टी कार्यालय पहुंचना व्यवस्था की शुरुआत है.. कार्यकर्ता का संतुष्ट होकर लौटना उसकी सफलता और कमियों की जिम्मेदारी तय होना नेतृत्व की जवाबदेही का प्रमाण होगा। ## सवाल दर सवाल.. एक साल का लेखा-जोखा मोहन-हेमंत की पहल, दस सवालों की कसौटी पर.. 01. एक साल में कितने मंत्री निर्धारित रोस्टर के अनुसार पहुंचे? 02. कितने कार्यकर्ताओं को बिना अनुशंसा पत्र के वापस लौटना पड़ा? 03. तीन हजार आवेदनों में कितनों का जमीन पर समाधान हुआ? 04. किस मंत्री की अनुशंसा पर अधिकारियों ने समयबद्ध कार्रवाई की? 05. कितने मामले विभागीय और कितने प्रभार वाले जिलों से जुड़े? 06. क्या स्थानीय नेतृत्व ने भोपाल जाने से पहले समस्याएं सुलझाईं? 07. क्या कार्यकर्ताओं की संतुष्टि का स्वतंत्र आकलन संगठन ने कराया? 08. सफल व्यवस्था का श्रेय किसे और विफलता की जिम्मेदारी किसकी? 09. क्या चिंतन शिविर में मंत्रियों का संगठनात्मक रिपोर्ट कार्ड पहुंचेगा? 10. लंबित शिकायतों के समाधान की समयसीमा आखिर कौन तय करेगा?
मंत्री जो प्रदेश बीजेपी दफ्तर में बैठे क्या रिपोर्ट कार्ड तैयार होगा.. 1 साल का मूल्यांकन व्यवस्था कितनी कारगर.. (सवाल दर सवाल) (राकेश अग्निहोत्री)