मध्य प्रदेश में राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल की तीन बटालियन गठित करने की घोषणा
तीन बटालियन, पहली खंडवा में
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को भोपाल के रवीन्द्र भवन में पुलिस विभाग के कार्यक्रम में राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल की तीन बटालियन गठित करने की घोषणा की। इनमें से एक बटालियन खंडवा में बनेगी। दो अन्य बटालियनों के स्थान की घोषणा बाद में की जाएगी।
बैगा, भारिया और सहरिया की कंपनियां
राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल में बैगा, भारिया और सहरिया समुदाय की अलग-अलग कंपनियां गठित की जाएंगी। इन कंपनियों में अति पिछड़े जनजातीय समूहों के युवाओं को शामिल किया जाएगा।
पदोन्नति और भर्ती
मुख्यमंत्री ने बताया कि पुलिस विभाग में 58 संवर्गों के 27,534 अफसरों और कर्मचारियों को पदोन्नति मिली है। इनमें 30 रक्षित निरीक्षक पदोन्नत होकर उप पुलिस अधीक्षक बने हैं।
डीजीपी कैलाश मकवाना ने बताया कि दिसंबर 2024 में पदभार संभालने के बाद समीक्षा में करीब 20 हजार पद रिक्त पाए गए। वर्ष 2025 में 6,500 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव भेजा गया। वर्ष 2026 में 9,662 भर्तियों की अनुमति मिली है। विभिन्न संवर्गों में 14,704 उम्मीदवारों का चयन हो चुका है। पुलिस बैंड और एफएसएल से जुड़ी भर्तियां दूसरे चरण में हैं। कुल 9,751 से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है।
नक्सल मोर्चे पर मजबूती
डीजीपी ने कहा कि मुख्यमंत्री की स्वीकृति से हॉक फोर्स में 325 और विशेष सहायक दस्ते में 882 पद स्वीकृत किए गए। उन्होंने कहा कि लगातार लिए गए निर्णयों के परिणामस्वरूप मध्य प्रदेश नक्सल समस्या से मुक्त होने वाला देश का पहला राज्य बना है।
पदोन्नति पर मुख्यमंत्री के विचार
मुख्यमंत्री ने कहा कि विभागीय और तकनीकी कारणों से लंबे समय तक पदोन्नति को लेकर असमंजस रहा। इस दौरान 20 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी सेवानिवृत्त हो गए। उन्होंने कहा कि अब पदोन्नति का रास्ता खुल गया है।
Vivek Singh