महाकुंभ 2025 की वायरल गर्ल मोनालिसा ने की मुस्लिम बॉयफ्रेंड से शादी, मांगी सुरक्षा

· 1 min read
महाकुंभ 2025  की  वायरल गर्ल   मोनालिसा  ने की  मुस्लिम बॉयफ्रेंड  से शादी,  मांगी सुरक्षा

महाकुंभ 2025 की 'वायरल गर्ल' मोनालिसा ने की मुस्लिम बॉयफ्रेंड से शादी, केरल पुलिस से मांगी सुरक्षा

प्रयागराज महाकुंभ 2025 में रुद्राक्ष की माला बेचते हुए सोशल मीडिया पर वायरल हुई मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के महेश्वर की निवासी मोनालिसा भोंसले ने केरल में अपने बॉयफ्रेंड फरमान खान से मंदिर में शादी कर ली है। शादी के बाद उन्होंने केरल पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है, क्योंकि उन्हें अपने पिता से खतरा महसूस हो रहा है।

पुलिस से मांगी सुरक्षा, पिता से बताया खतरा

शादी से पहले, बुधवार को मोनालिसा और फरमान तिरुवनंतपुरम के थंपानूर पुलिस स्टेशन पहुंचे थे। यहां मोनालिसा ने पुलिस को बताया कि उनके पिता उन्हें जबरन घर वापस ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, मोनालिसा ने यह भी कहा कि वह बालिग हैं और अपनी मर्जी से फरमान के साथ रहना व उससे शादी करना चाहती हैं।

फिल्म शूटिंग के दौरान हुई मुलाकात

मोनालिसा इन दिनों अपनी डेब्यू फिल्म “द डायरी ऑफ मणिपुर” की शूटिंग के सिलसिले में केरल में हैं। इसी दौरान उनकी मुलाकात फरमान खान से हुई थी। दोनों ने बताया कि फिल्म में साथ काम करने के दौरान उनकी बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे यह रिश्ता प्यार में बदल गया। फरमान खान के अनुसार, पहले मोनालिसा ने ही उन्हें प्रपोज किया था, जिसे उन्होंने मना कर दिया था, लेकिन बाद में दोनों को गहरा प्यार हो गया। मोनालिसा ने बताया कि उनका और फरमान का रिश्ता करीब छह महीने पुराना है और उनके घरवाले गांव में ही किसी और से उनकी शादी कराना चाहते थे, जो उन्हें मंजूर नहीं था।

डायरेक्टर ने लगाया 'लव जिहाद' का आरोप, परिजनों का मीडिया से अभद्र व्यवहार

मोनालिसा को फिल्म में मौका देने वाले डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने इस शादी पर फेसबुक पोस्ट के जरिए नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने लिखा कि जिस लड़की को मौका देने के लिए उन्होंने 10 करोड़ रुपए का कर्ज लेकर फिल्म बनाई, उसने एक मुस्लिम युवक के साथ भागकर सब बर्बाद कर दिया। उन्होंने इसे "लव जिहाद" बताते हुए इसके पीछे एक साजिश होने का आरोप लगाया।

वहीं, महेश्वर में मोनालिसा के परिजन स्थानीय मीडिया कर्मियों को देखकर भड़क गए। बुधवार रात करीब 9:30 बजे जब पत्रकार उनसे बात करने उनके घर पहुंचे, तो परिजनों ने पत्रकारों से अभद्र व्यवहार किया और वीडियो-फोटो बनाने से मना कर दिया। इतना ही नहीं, कुछ मीडियाकर्मियों से वीडियो डिलीट करवाने की भी कोशिश की गई।

ऐसे मिली थी मोनालिसा को पहचान

मोनालिसा महेश्वर की रहने वाली हैं और उन्हें पहचान तब मिली जब वह परिवार के साथ प्रयागराज महाकुंभ में रुद्राक्ष की माला बेचने गई थीं। इसी दौरान एक कंटेंट क्रिएटर ने उनका वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जो उनकी मुस्कान और आंखों की वजह से तेजी से वायरल हो गया था। वह इतनी चर्चित हो गई थीं कि उनकी तस्वीरों वाली टी-शर्ट तक बिकने लगी थीं। बाद में उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा था कि भीड़ और लगातार घिरने की वजह से वह परेशान हो गई थीं और माला भी नहीं बेच पा रही थीं। इसी कारण वह महाकुंभ छोड़कर घर लौट आई थीं। इसके बाद डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने उन्हें फिल्म का ऑफर दिया और वह रातोंरात चर्चा में आ गई थीं।

Amit Pateria