मंत्री राकेश सिंह पर IAS अधिकारी को धमकाने का आरोप, IAS एसोसिएशन ने जताई आपत्ति

· 1 min read
मंत्री राकेश सिंह पर IAS अधिकारी को धमकाने का आरोप, IAS एसोसिएशन ने जताई आपत्ति

मध्य प्रदेश: मंत्री और IAS अधिकारी के बीच विवाद, IAS एसोसिएशन ने CM से की शिकायत

मध्य प्रदेश में मंत्री और आईएएस अधिकारी के बीच विवाद ने प्रशासनिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है। लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री राकेश सिंह पर जबलपुर स्मार्ट सिटी के CEO और आईएएस अधिकारी अरविंद शाह को बंगले पर बुलाकर अपमानित करने और धमकी देने के आरोप लगे हैं। मामले को लेकर आईएएस एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से कड़ी आपत्ति जताई है।

मामले की शुरुआत: महिला कर्मचारी के वेतन पर रोक

जानकारी के मुताबिक, 17 मार्च 2026 को अरविंद शाह ने जबलपुर स्मार्ट सिटी CEO का प्रभार संभाला। इसके बाद उन्होंने कार्यालय में अनुशासन सख्त करते हुए उपस्थिति की जांच कराई। इसमें 6 कर्मचारी अनुपस्थित मिले, जिनमें दिलप्रीत कौर भल्ला भी शामिल थीं। जवाब नहीं मिलने पर उनका वेतन रोक दिया गया। बताया जा रहा है कि 22 अप्रैल को शाह ने दिलप्रीत कौर को पूछताछ के लिए बुलाया। इसी के कुछ घंटों बाद मंत्री राकेश सिंह ने उन्हें अपने आवास पर तलब किया।

'बंगले पर 30 मिनट तक अपमान और धमकी'

आरोप है कि अरविंद शाह मंत्री आवास पर गुलदस्ता लेकर पहुंचे थे, जहां करीब 30 मिनट तक उनके साथ अभद्र भाषा में बात की गई। आईएएस अधिकारी के मुताबिक- उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। उनके चयन पर सवाल उठाए गए। सिंगरौली तक परेड कराकर भेजने जैसी बात कही गई। घटना के बाद अधिकारी के मानसिक रूप से आहत होने की भी बात सामने आई है।

दूसरा पक्ष: मंत्री समर्थकों का दावा

मंत्री समर्थकों और गुरुद्वारा प्रबंधन से जुड़े लोगों का कहना है कि आईएएस अधिकारी ने महिला कर्मचारी दिलप्रीत कौर से दुर्व्यवहार किया था। स्थानीय स्तर पर माफी मांगने की भी बात कही जा रही है, हालांकि अरविंद शाह ने किसी भी तरह की माफी से इनकार किया है।

IAS एसोसिएशन ने जताई आपत्ति

एमपी आईएएस एसोसिएशन के अध्यक्ष मनु श्रीवास्तव ने कहा कि पूरे मामले से मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया है और एसोसिएशन ने कड़ी आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि प्रदेश में अधिकारियों के साथ ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे स्वतंत्र रूप से काम करना मुश्किल हो सकता है।

CM और मुख्य सचिव तक पहुंचा मामला

मनु श्रीवास्तव के मुताबिक—मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव से इस मुद्दे पर चर्चा हो चुकी है। हाल के समय में IAS, IPS और जनपद CEO से जुड़े कई विवाद सामने आए हैं। यह सिर्फ एक अधिकारी का नहीं, पूरे सिस्टम का मुद्दा बनता जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि अरविंद शाह ने एसोसिएशन को पूरी जानकारी दे दी है, लिखित शिकायत जरूरी नहीं है। घटना के बाद अरविंद शाह की पत्नी ने भी एसोसिएशन पदाधिकारियों से मुलाकात कर पूरी बात साझा की है। मामले में आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं।

Bhavanesh Soni