मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्य प्रदेश जल निगम के पुनर्गठन और नाम परिवर्तन को मंजूरी दी
मध्य प्रदेश जल निगम मर्यादित (एमपीजेएनएम) को पुनर्गठित कर इसका नया नाम मध्य प्रदेश जल एवं स्वच्छता निगम (एमपी-वास्को) किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के इस प्रस्ताव को सहमति प्रदान की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश जल निगम अब अपने नए नाम और नई जिम्मेदारियों के साथ प्रदेश में जल विकास एवं स्वच्छता प्रबंधन में नए लक्ष्यों के साथ कार्य करेगा।
साथ ही मध्य प्रदेश जल निगम के प्रबंध संचालक के वित्तीय अधिकार बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। अब प्रबंध संचालक 5 करोड़ रुपए के स्थान पर 25 करोड़ रुपए तक के टेंडर स्वीकृत कर सकेंगे। यह वृद्धि प्रोजेक्ट इम्प्लीमेंटेशन और एक्जीक्यूशन मेथोडोलॉजी के अनुसार की गई है।
संचालक मंडल की 26वीं बैठक में प्रमुख निर्णय
बुधवार को मुख्यमंत्री निवास समत्व भवन में मध्य प्रदेश जल निगम मर्यादित के संचालक मंडल की 26वीं बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जल निगम द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों को मंजूरी दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए तैयार संचालक मण्डल के प्रतिवेदन तथा वित्तीय वर्ष 2024-25 के अनअंकेक्षित वार्षिक लेखों का अनुमोदन किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कैप्टिव मोड के तहत 60 मेगावॉट ग्रिड-कनेक्टेड पवन ऊर्जा परियोजना विकसित करने के लिए गठित परियोजना कंपनी में मध्य प्रदेश जल निगम के प्रतिनिधित्व के लिए प्रबंध संचालक को अधिकृत किया। इसी परियोजना के विकास के लिए गठित प्रोजेक्ट कंपनी में डीमैटीरियलाइज्ड रूप में 26 प्रतिशत इक्विटी शेयर रखने का अनुमोदन किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्य प्रदेश जल निगम के इक्विटी शेयरों के नए पदाधिकारियों को हस्तांतरण तथा जल निगम द्वारा वर्तमान वित्त वर्ष 2026-27 के लिए तैयार किए गए बजट अनुमान (57 करोड़ रुपए) का अनुमोदन किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जल निगम के संचालक मण्डल में स्वतंत्र निदेशक के पद पर सुमित बोस की पुन: नियुक्ति का भी अनुमोदन किया। बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपत्तिया उइके, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, अपर मुख्य सचिव मनीष रस्तोगी, अपर मुख्य सचिव दीपाली रस्तोगी, अपर मुख्य सचिव पीएचई सचिन सिन्हा, प्रमुख सचिव पीएचई मनीष सिंह, प्रमुख सचिव स्वास्थ्य संदीप यादव, मध्य प्रदेश जल निगम मर्यादित के प्रबंध संचालक वीएस चौधरी कोलसानी सहित संचालक मण्डल के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
Vivek Singh