पुणे-दानापुर-हड़पसर स्पेशल ट्रेन 1 नवंबर से शुरू, मध्यप्रदेश के तीन स्टेशनों पर ठहराव
मध्यप्रदेश से पुणे और महाराष्ट्र जाने वाले यात्रियों को त्योहारी सीजन में अतिरिक्त ट्रेन की सुविधा मिलेगी। रेलवे ने बढ़ती यात्री भीड़ को देखते हुए पुणे-दानापुर-हड़पसर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन 1 नवंबर से चलेगी। भोपाल मंडल के इटारसी, पिपरिया और नरसिंहपुर स्टेशनों पर इसका ठहराव रहेगा। वापसी में ट्रेन दानापुर से चलकर पुणे के हड़पसर स्टेशन पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में यह ट्रेन कुल 9-9 फेरे लगाएगी।
पुणे से दानापुर का समय और मार्ग
गाड़ी संख्या 01441 पुणे-दानापुर स्पेशल 1 से 13 नवंबर 2026 तक 9 फेरे लगाएगी। यह ट्रेन पुणे से रविवार, बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को रात 7:40 बजे रवाना होगी। अगले दिन सुबह 11:15 बजे इटारसी, दोपहर 12:24 बजे पिपरिया और दोपहर 1:30 बजे नरसिंहपुर पहुंचेगी। इसके बाद जबलपुर के मदनमहल, कटनी, मैहर और सतना होते हुए तीसरे दिन सुबह 7 बजे दानापुर पहुंचेगी।
वापसी में दानापुर से हड़पसर का समय
वापसी में गाड़ी संख्या 01442 दानापुर-हड़पसर स्पेशल 3 से 15 नवंबर तक 9 फेरे लगाएगी। यह ट्रेन दानापुर से मंगलवार, शुक्रवार, शनिवार, रविवार और सोमवार को सुबह 8:30 बजे रवाना होगी। अगले दिन रात 11:05 बजे नरसिंहपुर और रात 12:18 बजे पिपरिया पहुंचेगी। इसके बाद रात 2:10 बजे इटारसी स्टेशन पर ठहराव रहेगा। ट्रेन आगे चलकर शाम 5:35 बजे पुणे के हड़पसर स्टेशन पहुंचेगी।
स्पेशल ट्रेन में कुल 18 कोच रहेंगे। इनमें शयनयान श्रेणी के 6, सामान्य श्रेणी के 10 और 2 एसएलआरडी कोच शामिल हैं। ट्रेन दोनों दिशाओं में हड़पसर, दौंड कॉर्ड लाइन, अहिल्यानगर जंक्शन, कोपरगांव, मनमाड, जलगांव, भुसावल, इटारसी, पिपरिया, नरसिंहपुर, मदनमहल, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा स्टेशनों पर रुकेगी। यात्री ट्रेन के समय और ठहराव की विस्तृत जानकारी एनटीईएस ऐप, रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या रेल मदद हेल्पलाइन 139 से प्राप्त कर सकते हैं।
Adarsh Chaurasiya