रांची लाठीचार्ज पर भाजपा का हमला: खंडेलवाल ने राहुल और कांग्रेस पर साधा निशाना
मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने रांची में जेपीएससी परीक्षा में कथित गड़बड़ी के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर हमला बोला। मंगलवार को भोपाल स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में उन्होंने यह बात कही।
झारखंड सरकार पर आरोप
खंडेलवाल ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ झारखंड की झामुमो सरकार ने बर्बरतापूर्ण व्यवहार किया। छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया, आंसू गैस छोड़ी गई और रास्ते में कंटीले तार लगाए गए। प्रदर्शनकारी छात्रों की भाषा मर्यादित थी।
राहुल गांधी पर निशाना
खंडेलवाल ने कहा कि राहुल गांधी दिल्ली के छात्रों के हित और अधिकारों की बात करते हैं, लेकिन रांची में छात्रों पर हुई कार्रवाई पर उनकी आवाज नहीं उठ रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड में झामुमो सरकार कांग्रेस के सहयोग से चल रही है, इसलिए कांग्रेस को अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।
NEET मामले और संसद की कार्यवाही
खंडेलवाल ने NEET पेपर लीक मामले का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय राहुल गांधी और विपक्षी दल तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और सदन में चर्चा की मांग कर रहे थे। सरकार की ओर से पीयूष गोयल और किरेन रिजिजू ने स्पष्ट किया था कि सरकार चर्चा के लिए तैयार है और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जवाब देने को तैयार हैं।
खंडेलवाल ने आरोप लगाया कि इसके बावजूद राहुल गांधी और कांग्रेस के नेता सदन की कार्यवाही बाधित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है और अमित शाह विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने को तैयार हैं।
चुनौती और वेणुगोपाल के बयान पर जवाब
खंडेलवाल ने राहुल गांधी को चुनौती दी कि अमित शाह उनके हर सवाल का जवाब देने को तैयार हैं। राहुल गांधी को सदन का सामना करना चाहिए और रांची में छात्रों के साथ हुई घटना पर देश के लोगों को सही बात बतानी चाहिए।
कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल के सवाल पर खंडेलवाल ने कहा कि सदन की कार्यवाही लगातार बाधित हो रही है। सरकार चाहती है कि सदन में मुद्दों पर चर्चा हो और अमित शाह चर्चा और जवाब देने के लिए तैयार हैं। विपक्ष सदन चलाने के लिए तैयार नहीं है।
Vivek Singh