सागर में सीएम मोहन यादव आज, ज्ञानवीर यूनिवर्सिटी और रोजगार मेले का करेंगे उद्घाटन

· 1 min read
सागर में सीएम मोहन यादव आज, ज्ञानवीर यूनिवर्सिटी और रोजगार मेले का करेंगे उद्घाटन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सागर में ज्ञानवीर यूनिवर्सिटी और रोजगार मेले का करेंगे उद्घाटन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 11 मार्च बुधवार को सागर का दौरा कर रहे हैं। वे नरयावली रोड पर जेरई के पास स्थित ज्ञानवीर यूनिवर्सिटी का उद्घाटन करेंगे। इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री एक रोजगार मेले का भी शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल पर करीब 1.25 बजे पहुंचने का अनुमान है।

कार्यक्रम में शामिल होंगे उपमुख्यमंत्री और उच्च शिक्षा मंत्री

इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार भी उपस्थित रहेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने अधिकारियों के साथ मिलकर कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने हेलीपैड, मंच, बैठक व्यवस्था, पार्किंग और आवागमन मार्ग सहित अन्य सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

स्थानीय छात्रों को मिलेगी गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा और रोजगार के अवसर

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने इस अवसर पर कहा कि ज्ञानवीर यूनिवर्सिटी सागर जिले और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगी। अब छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा, बल्कि उन्हें सागर में ही आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी। इसके अतिरिक्त, प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले रोजगार मेले और प्लेसमेंट के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।

रोजगार मेले में कंपनियों द्वारा होगा युवाओं का चयन

युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से बुधवार को ज्ञानवीर यूनिवर्सिटी परिसर में सुबह 11 बजे से रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस मेले का उद्घाटन करेंगे। मेले में देश और प्रदेश की विभिन्न कंपनियां हिस्सा लेंगी, जिनके प्रतिनिधि युवाओं का इंटरव्यू लेकर अलग-अलग पदों के लिए उनका चयन करेंगे।

Sachin Saxena