सागर: सेवादल प्रदेश महासचिव विजय साहू कांग्रेस की सदस्यता से निलंबित

· 1 min read
सागर:  सेवादल प्रदेश महासचिव   विजय साहू   कांग्रेस की सदस्यता  से  निलंबित

सेवादल प्रदेश महासचिव विजय साहू कांग्रेस की सदस्यता से निलंबित

सागर जिला कांग्रेस कमेटी ने सेवादल के प्रदेश महासचिव विजय साहू को कांग्रेस पार्टी की सदस्यता से निलंबित कर दिया है। निलंबन पत्र जिला कांग्रेस कमेटी शहर के जिला अध्यक्ष महेश जाटव और जिला कांग्रेस संगठन महामंत्री राजकुमार पचौरी ने जारी किया है।

सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी बनी निलंबन का कारण

निलंबन पत्र में बताया गया है कि विगत दिनों विजय साहू द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी से जारी जिला पदाधिकारियों की सूची को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इसे अनुशासनहीनता मानते हुए जिला शहर कांग्रेस कमेटी सागर को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश संगठन महासचिव, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा दिया था।

अनुशासनात्मक प्रक्रिया और निर्णय का पालन न करना

निर्देश के अनुपालन में, विजय साहू को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। इस नोटिस के जवाब को जिला शहर कांग्रेस कमेटी सागर की अनुशासन समिति के समक्ष रखा गया। अनुशासन समिति द्वारा लिए गए निर्णय से विजय साहू को अवगत कराया गया था। इसके परिपालन के लिए पत्र जिला कांग्रेस कमेटी शहर सागर के माध्यम से भेजा गया था। हालांकि, आज दिनांक तक साहू ने अनुशासन समिति द्वारा लिए गए निर्णय अनुसार कोई पहल नहीं की है। जिला शहर कांग्रेस कमेटी सागर इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए विजय साहू की कांग्रेस पार्टी की सदस्यता निलंबन की कार्रवाई का निर्णय करती है।

Ravi Yadav