सोना-चांदी की कीमतों में गिरावट, निवेशकों की प्रॉफिट बुकिंग का असर
देश में सोने और चांदी के दाम 8 जनवरी को गिरावट के साथ बंद हुए। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार 24 कैरेट सोने और चांदी दोनों में दाम नीचे आए हैं, जिसका प्रमुख कारण निवेशकों द्वारा प्रॉफिट बुकिंग बताया जा रहा है।
सोने की कीमत 10 ग्राम पर 1,232 रुपए घटी
IBJA के मुताबिक 24 कैरेट 10 ग्राम सोने का दाम 1,232 रुपए गिरकर 1,35,443 रुपए पर आ गया है। इससे पहले सोना 1,36,675 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर था। कीमतों में आई इस गिरावट के बावजूद बाजार जानकार मानते हैं कि सोने की मांग मजबूत बनी हुई है।
चांदी ऑल टाइम हाई से फिसली, 12,225 रुपए की गिरावट
1 किलो चांदी की कीमत 12,225 रुपए टूटकर 2,35,775 रुपए हो गई है। इससे पहले चांदी 2,48,000 रुपए प्रति किलो के स्तर पर थी, जो इसका ऑल टाइम हाई भी है। ऑल टाइम हाई स्तर के बाद मुनाफा वसूली के चलते चांदी में यह तेज गिरावट देखी गई।
विशेषज्ञों की राय: गिरावट अस्थायी, आगे बढ़त की संभावना
केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया ने कहा कि चांदी के रेट ऑल टाइम हाई पर पहुंचने के बाद कई निवेशक प्रॉफिट बुक कर रहे हैं, जिसके कारण आज चांदी के दाम में ज्यादा गिरावट दर्ज हुई है। इसी तरह सोने में भी निवेशक मुनाफा वसूल रहे हैं। हालांकि, उनका मानना है कि यह गिरावट लंबी अवधि की नहीं होगी और आने वाले दिनों में सोने-चांदी के दाम में फिर तेजी देखने को मिल सकती है।
अजय केडिया के अनुसार चांदी इस साल 2.75 लाख रुपए प्रति किलो तक जा सकती है। सोने की मांग भी मजबूत रहने की उम्मीद है और अनुमान है कि साल के अंत तक सोने का दाम 1.50 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के पार जा सकता है।
सोना-चांदी में निवेश के लिए ETF विकल्प
छोटी रकम से सोने या चांदी में निवेश करने के इच्छुक लोगों के लिए गोल्ड और सिल्वर एक्सचेंज-ट्रेडेड फंड्स (ETF) एक विकल्प हैं। ये फंड सोने और चांदी के गिरते-चढ़ते भावों पर आधारित होते हैं और इनकी खरीद-बिक्री शेयरों की तरह बीएसई और एनएसई पर की जा सकती है।
इन ETFs के जरिए निवेश करने पर निवेशक को असल सोना या चांदी अपने पास नहीं मिलता, बल्कि वह इनसे बाहर निकलते समय उस समय के सोने-चांदी के भाव के बराबर पैसा प्राप्त करता है। इस तरह निवेशक बिना भौतिक सोना-चांदी रखे कीमतों के उतार-चढ़ाव से लाभ उठाने की कोशिश कर सकते हैं।
Lokendra Mishra